Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

महिला को उल्टा लटकाकर निजी अंगों पर बरसाए डंडे, लखनऊ में बच्चा चोरी के शक में बर्बरता की हदें पार, योगी सरकार के महिला सुरक्षा दावों पर सवाल

INT News10 November 2026 at 09:17 pm

Lucknow woman assault case: राजधानी लखनऊ में मानवता को शर्मसार करने वाली एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. इंदिरानगर थाना क्षेत्र के सुगामऊ इलाके में बच्चा चोरी के संदेह में एक मानसिक रूप से कमजोर महिला को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला तूल पकड़ गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जहां एक ओर आम जनमानस में भारी आक्रोश है, वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस अमानवीय कृत्य ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और महिला सुरक्षा के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

रस्सी से बांधकर महिला की बेरहमी से पिटाई

जानकारी के मुताबिक, घटना 6 नवंबर की बताई जा रही है. आरोप है कि महिला को बच्चा चोरी के शक में लोगों ने पकड़ लिया और उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए. इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई. महिला को उल्टा लटकाकर पीटे जाने का भी आरोप है. बताया जा रहा है कि महिला मानसिक रूप से कमजोर है. वह मारपीट के दौरान लोगों से रहम की गुहार लगाती रही.

10 नवंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

महिला के साथ मारपीट का वीडियो 10 नवंबर को सोशल मीडिया पर सामने आया. वीडियो वायरल होने के बाद घटना को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई. इसमें महिला को रस्सी से बांधकर पीटने का दावा किया जा रहा है. घटना सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया. वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठने लगे.

गुस्साए लोगों ने झुग्गियों में की तोड़फोड़

वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में तनाव बढ़ने की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि घटना से नाराज लोगों ने झुग्गियों में तोड़फोड़ की. इस बीच महिला के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले में समझौता कराने का दबाव बनाया.

एडीसीपी पूर्वी ने दो लोगों को हिरासत में लेने की पुष्टि की

मामले में एडीसीपी पूर्वी अमोल मुरकुट के मुताबिक, पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं, मारपीट में घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस की ओर से आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद महिला के साथ हुई बर्बरता और पुलिस की शुरुआती कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

चंद्रशेखर आजाद ने पुलिस और महिला सुरक्षा पर उठाए सवाल

लखनऊ की इस घटना को लेकर सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई है. उन्होंने महिला को हाथ-पैर बांधकर पीटने और उसके निजी अंगों पर डंडों से वार करने की घटना को अमानवीय और शर्मनाक बताया. उन्होंने कहा कि महिला मदद के लिए चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की. आजाद ने पुलिस के रवैये पर भी सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टैग किया और कहा कि राजधानी में ही मिशन शक्ति अभियान और महिला सुरक्षा के दावे कमजोर पड़ते नजर आ रहे हैं.

लखनऊ पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

लखनऊ पुलिस के मुताबिक, इंदिरानगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच की गई. महिला की पहचान इलाके की पड़ोसी बस्ती में रहने वाली महिला के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पति से तहरीर प्राप्त कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

Must Read- UP Breaking: रामपुर में CRPF कैंप हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या, अज्ञात हमलावर फरार