समाचार · बिहार
दिल्ली, हरियाणा समेत 5 राज्यों से बिहार के लिए चलेंगी 155 बसें, जानें पूरा शेड्यूल

Bihar Chhath Special Buses : बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से त्योहारों के लिए शुरू की गई विशेष बस सेवा के तहत गुरुवार को 155 अंतरराज्यीय बसें रवाना की गईं. परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने फुलवारीशरीफ बस डिपो से बसों को हरी झंडी दिखाई. सरकार की योजना है कि छठ के मौके पर दूसरे राज्यों में रहने वाले बिहारियों को घर पहुंचने में परेशानी न हो.
5 से 20 नवंबर तक चलेंगी स्पेशल बसें
परिवहन मंत्री ने बताया कि विशेष बसों का परिचालन 5 नवंबर से 20 नवंबर तक होगा. पटना, मुजफ्फरपुर, गया, पूर्णिया, दरभंगा और भागलपुर प्रमंडलों से दूसरे राज्यों के लिए बसें चलाई जाएंगी. इन बसों से दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को बिहार आने-जाने की सुविधा मिलेगी. बसों में एसी, नॉन-एसी, सीटर और स्लीपर की व्यवस्था की गई है.
दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा 77 बसें
कुल 155 बसों में से दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा 77 बसें चलाई जा रही हैं. हरियाणा के लिए 60 बसें, झारखंड के लिए 12 बसें और उत्तर प्रदेश व पश्चिम बंगाल के लिए तीन-तीन बसें निर्धारित की गई हैं. इनमें 32 बसें बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की हैं, जबकि 123 बसों का संचालन पीपीपी मॉडल के तहत किया जा रहा है. यात्रियों को सफर के दौरान पानी और दही भी उपलब्ध कराया जाएगा.
दिल्ली और हरियाणा के लिए इन शहरों से मिलेगी बस
दिल्ली के लिए अररिया, भागलपुर, दरभंगा, गया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया, शेखपुरा, सीतामढ़ी, सिवान, सुपौल, मोतिहारी और लखीसराय से बसें चलेंगी. हरियाणा के लिए अररिया से गुरुग्राम, भागलपुर से अंबाला, दरभंगा से अंबाला, गया से अंबाला और गुरुग्राम, पटना से अंबाला, गुरुग्राम और पानीपत तथा पूर्णिया से अंबाला और पानीपत के लिए बसें निर्धारित की गई हैं.
झारखंड, यूपी और बंगाल के लिए भी बस सेवा
झारखंड के लिए आरा से धनबाद और रांची, पटना से गुमला, रांची और हजारीबाग, पूर्णिया से रांची, नवादा से रांची, गया से रांची और मुजफ्फरपुर से रांची के लिए बसें चलेंगी.
उत्तर प्रदेश के लिए किशनगंज से गाजियाबाद, लखनऊ से गया, पटना से गाजियाबाद, जटही से अयोध्या और गया से वाराणसी के बीच बस सेवा उपलब्ध होगी.
पश्चिम बंगाल के लिए बेगूसराय से कोलकाता, बेतिया से सिलीगुड़ी, छपरा से सिलीगुड़ी, फारबिसगंज से कोलकाता, गया से कोलकाता, गोपालगंज से सिलीगुड़ी, मोतिहारी से सिलीगुड़ी, पटना से कोलकाता, पूर्णिया से सिलीगुड़ी और दरभंगा से सिलीगुड़ी के लिए बसें चलेंगी.
अब तक 746 टिकट बुक, 6 लाख रुपये का अनुदान
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बताया कि त्योहारी बसों की बुकिंग पर अब तक छह लाख रुपये का अनुदान दिया जा चुका है. एक नवंबर से अब तक 746 टिकटों की बुकिंग भी हुई है.
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान दूसरे राज्यों में रहने वाले बिहार के लोगों को इस बस सेवा से काफी सहूलियत मिलेगी. फिलहाल 155 बसें चलाई जा रही हैं और जल्द ही इनकी संख्या बढ़ाकर 200 कर दी जाएगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
प्रकाश पर्व पर भी चलेंगी अंतरराज्यीय बसें
परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और परिवहन मंत्री की मंशा है कि त्योहारों के दौरान दूसरे राज्यों में रहने वाले लोग अपने घर और परिवार तक आसानी से पहुंच सकें.
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में प्रकाश पर्व के दौरान भी बड़ी संख्या में अंतरराज्यीय बसें चलाई जाएंगी. इसके लिए दूसरे राज्यों के अलग-अलग जिलों से बिहार के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी.
कार्यक्रम में निगम के प्रशासक अतुल कुमार, राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन, निगम के अधिकारी-कर्मचारी, परिवहन एजेंसियों के प्रतिनिधि और यात्री मौजूद थे.
यहां से बुक करें बस का टिकट
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ऑफिशियल वेबसाइट पर इन बसों के टिकट बुक करने की सुविधा उपलब्ध है. यात्री https://bsrtc.bihar.gov.in/ पर जाकर टिकट बुक कर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: सम्राट चौधरी के समर्थन में उतरे रामकृपाल यादव, तेज प्रताप से पूछा- कितनी पढ़ाई की?