Thursday, 5 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

राष्ट्रीय स्कूल फुटबॉल में झारखंड का जलवा, CISCE और असम को हराकर सेमीफाइनल में पहुंची टीम

INT News5 November 2026 at 06:39 pm

रांची: 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में झारखंड की अंडर-17 बालक फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है. उत्तर प्रदेश के बलिया में दो से छह नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रतियोगिता में देशभर की 36 टीमें हिस्सा ले रही हैं.

झारखंड की टीम ने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सीआइएससीई (CISCE) को 3-0 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. इसके बाद क्वार्टर फाइनल में असम के साथ उसका मुकाबला हुआ. दोनों टीमों के बीच निर्धारित समय तक कड़ी टक्कर देखने को मिली. अंत में पेनल्टी शूटआउट में झारखंड ने असम को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया.

कप्तान हेमंत और गोलकीपर अजीत का शानदार प्रदर्शन

टीम की इस सफलता में कप्तान हेमंत किस्कू के नेतृत्व और गोलकीपर अजीत कुमार यादव के शानदार प्रदर्शन की अहम भूमिका रही. कोच पूर्ण चंद्र महली और मैनेजर बिंदेश्वर महतो के मार्गदर्शन में टीम के खिलाड़ी बेहतर तालमेल के साथ खेल रहे हैं.

सेमीफाइनल में पंजाब से मुकाबला आज

झारखंड का अगला मुकाबला सेमीफाइनल में पंजाब की टीम से होगा. फाइनल में जगह बनाने के लिए झारखंड के खिलाड़ी पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेंगे.

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के अधिकारियों और खेल कोषांग के सदस्यों ने टीम की इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षक और मैनेजर को बधाई दी है. साथ ही आगामी मुकाबले में जीत हासिल कर फाइनल में पहुंचने की उम्मीद जतायी है