समाचार · उत्तर प्रदेश
हाथरस में आग ने उजाड़ा परिवार, शादी समारोह में गया था बेटा, घर में सो रहे बुजुर्ग माता-पिता की मौत, जांच में जुटी पुलिस

UP News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में आधी रात को एक मकान में लगी आग ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. सादाबाद कस्बे के मोहल्ला कहारान में बुधवार देर रात अचानक एक घर में आग भड़क उठी. देखते ही देखते लपटों ने पूरे मकान को घेर लिया. उस समय अंदर सो रहे बुजुर्ग पति-पत्नी आग और धुएं के बीच फंस गए. बाहर निकलने का मौका नहीं मिलने से दोनों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में कोहराम छा गया.
रात के सन्नाटे में उठीं आग की लपटें
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब दो बजे मकान में अचानक आग लग गई. शुरुआत में आग लगने का किसी को पता नहीं चला, लेकिन कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं और पूरा घर इसकी चपेट में आ गया. आसपास के लोगों ने मकान से आग की लपटें उठती देख शोर मचाया. इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी गई.
तीन टीमों ने संभाला मोर्चा
सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. आग की भयावहता को देखते हुए एसडीआरएफ को भी बुलाया गया. दमकल कर्मियों और एसडीआरएफ जवानों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया. काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक मकान के भीतर मौजूद बुजुर्ग दंपति दम तोड़ चुके थे.
सिलाई का काम करते थे शहजाद
हादसे में जान गंवाने वाले 70 वर्षीय शहजाद पुत्र मुन्ना पेशे से दर्जी थे. वह अपनी 65 वर्षीय पत्नी सलमा बेगम के साथ मोहल्ला कहारान स्थित मकान में रहते थे. बताया गया कि बुधवार रात दोनों ने खाना खाने के बाद रोज की तरह आराम किया और सो गए. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि रात उनके जीवन की आखिरी रात साबित होगी.
शादी समारोह में गया था छोटा बेटा
परिवार के मुताबिक, दंपति का छोटा बेटा भी उनके साथ ही रहता था, लेकिन बुधवार को वह अपने परिवार के साथ ससुराल में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था. इसी वजह से हादसे के समय घर में बुजुर्ग दंपति अकेले थे. उनके अन्य बच्चे अलग-अलग रहते हैं. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई.
वृंदावन से पहुंची थी एसडीआरएफ की टीम
एसडीआरएफ अधिकारी रजत कुमार के अनुसार, टीम उस समय वृंदावन में तैनात थी. सादाबाद में मकान में आग लगने की सूचना मिलने पर जवानों को लेकर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए और पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कराया. फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस और संबंधित विभाग घटना के कारणों की जांच में जुटे हैं.
Also Read: दिवाली पर मिठाई नहीं, लड्डू-रसभरी जैसी मोमबत्तियों से सजेंगे घर! वाराणसी के बाजार में 24 से ज्यादा डिजाइन की धूम