समाचार · मध्य प्रदेश
पन्ना में आबकारी की दबिश, महुआ शराब और भट्टियां पकड़ीं:चार आरोपियों पर केस; घरों और बाड़े से 29 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त
पन्ना जिले में आबकारी विभाग ने चार जगह दबिश देकर अवैध शराब और उसे बनाने के उपकरण जब्त किए। कार्रवाई में देशी मदिरा के 25 पाव और 25 लीटर महुआ की कच्ची शराब मिली। चार आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना और पन्ना कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त आबकारी सागर संभाग आलोक खरे के मार्गदर्शन और जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य के नेतृत्व में टीम बनाई गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह जाटव को नोडल अधिकारी बनाया गया। जनकपुर में देशी शराब के 25 पाव मिले आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त पन्ना मुकेश पाण्डेय ने टीम के साथ पहली दबिश वार्ड क्रमांक 28, जनकपुर में दी। यहां सुनीता अहिरवार पत्नी रामगोपाल अहिरवार के घर से देशी मदिरा के 25 पाव यानी 4.5 बल्क लीटर शराब मिली। इसकी कीमत करीब 1,900 रुपए बताई गई। तीन जगह महुआ की कच्ची शराब जब्त दूसरी दबिश रकसेहा गांव में कोतवाली थाना क्षेत्र के तहत रामप्रसाद गौंड पुत्र भूपत गौंड के मकान के पीछे बने बाड़े में दी गई। यहां से हाथभट्टी और कच्ची शराब बनाने के उपकरणों के साथ 12 लीटर महुआ की कच्ची शराब मिली। इसकी कीमत करीब 1,800 रुपए आंकी गई। तीसरी कार्रवाई कृष्णा कल्याणपुर गांव में हुई। कल्ली आदिवासी पत्नी लुंजा आदिवासी के घर से 5 लीटर हाथभट्टी से बनी महुआ की कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए। इसकी कीमत 750 रुपए बताई गई। चौथी दबिश बृजपुर थाना क्षेत्र के भमका गांव में सीताराम कोरी पुत्र वृंदा कोरी के घर पर दी गई। यहां से 8 लीटर हाथभट्टी से बनी महुआ की कच्ची शराब मिली। इसकी कीमत करीब 1,200 रुपए बताई गई।