समाचार · छत्तीसगढ़
घर का ताला तोड़कर सोने के ज्वेलरी चोरी, आरोपी गिरफ्तार:जशपुर के डूमरबहार में वारदात, चोरी किए करीब 70 हजार रुपए कीमत के जेवर बरामद
जशपुरनगर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र के ग्राम डूमरबहार में घर का ताला तोड़कर सोने के जेवर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने मकान के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी से सोने के एक जोड़ी कर्णफूल चोरी किए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 70 हजार रुपए कीमत के चोरी गए जेवर बरामद कर जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। रात में घर पहुंचा तो टूटा मिला ताला पुलिस के अनुसार, ग्राम डूमरबहार निवासी ललित यादव (20) ने 4 नवंबर 2026 को बागबहार थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 3 नवंबर की रात करीब 9 बजे उसके माता-पिता खाना खाने के बाद दुकान में सोने चले गए थे। रात करीब 10:30 बजे जब वह होटल से घर पहुंचा तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखने पर अलमारी खुली मिली और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उसने माता-पिता को सूचना दी। तीनों ने घर की जांच की तो अलमारी में रखे सोने के एक जोड़ी कर्णफूल गायब मिले। प्रार्थी ने घर के आसपास शंकर भगत को घूमते देखने की बात बताते हुए उस पर संदेह जाहिर किया। पूछताछ में चोरी करना स्वीकारा रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 109/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(3) और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने संदेह के आधार पर गांव में पतासाजी की और शंकर भगत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने घर का ताला तोड़कर अंदर घुसने और अलमारी से सोने के कर्णफूल चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए एक जोड़ी कर्णफूल बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया पुलिस ने आरोपी शंकर भगत (34), निवासी ग्राम डूमरबहार, थाना बागबहार, जिला जशपुर के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। एएसपी राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि घर का ताला तोड़कर जेवर चोरी करने की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 70 हजार रुपए कीमत के सोने के कर्णफूल बरामद किए गए हैं।