Thursday, 5 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें::महिला डॉक्टर जिंदा जली, PCS के मेन्स रिजल्ट पर विवाद, दुल्हन को लेने नहीं पहुंचा दूल्हा

INT News5 November 2026 at 05:55 pm

नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर PCS मेन्स रिजल्ट रही। रिजल्ट में अनियमितताओं और धांधली के आरोप लगे हैं। अभ्यर्थियों का दावा है कि एक ही परीक्षा हॉल से 10 से 11 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. PCS मेन्स रिजल्ट विवादों में घिरा पंजाब लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित पंजाब सिविल सर्विस मेन्स के नतीजे घोषित होते ही विवादों में घिर गए हैं। बुधवार (4 नवंबर) देर रात रिजल्ट आया। जिसके बाद एग्जाम देने वाले अभ्यर्थियों ने इसमें अनियमितताओं और धांधली के गंभीर आरोप लगाए हैं। परीक्षार्थियों के अनुसार, जारी रिजल्ट में एक ही परीक्षा हॉल से 10 से 11 अभ्यर्थियों के चयन हुए हैं। वहीं, एक ही एग्जाम सेंटर से 24.21% अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि आंसरशीटों के मूल्यांकन में नियमों और पारदर्शिता को दरकिनार किया गया। इसके अलावा, विज्ञापित पदों की तुलना में निर्धारित 3 गुना उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए नहीं बुलाया गया। स्टूडेंट्स का आरोप है कि रिजल्ट में कई अनुपस्थित परीक्षार्थियों के रोल नंबर भी दिख रहे हैं। इन तमाम विसंगतियों को लेकर अभ्यर्थियों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, पंजाब के मुख्यमंत्री और CBI को ईमेल के जरिए ज्ञापन सौंपकर स्वतंत्र जांच की मांग की है। (पढ़ें पूरी खबर) 2. DA मामले में हाईकोर्ट के आदेश पर रोक पंजाब के सरकारी मुलाजिमों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते (DA) मामले में सुनवाई करते हुए आज (5 नवंबर) सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब सरकार को बड़ी राहत दी है। सुप्रीम कोर्ट ने DA से जुड़े दोनों अवमानना मामलों पर रोक लगा दी है। पंजाब के चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा के खिलाफ क्रिमिनल कंटेम्प्ट और सिविल कंटेम्प्ट की कार्यवाही पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से शुरू की गई थी। फिलहाल के लिए दोनों मामलों में पंजाब सरकार के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं होगी। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब सरकार को 1 दिसंबर तक लिक्विडेशन प्लान का ब्योरा देने के निर्देश दिए हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 3. महिला AAP विधायक के बाद सस्पेंड पटवारी पर रेड मोगा से आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला MLA डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के बाद ED की टीम ने फिरोजपुर के जीरा में सस्पेंडेड पटवारी के घर रेड की है। यह पटवारी पहले मोगा में ही तैनात था। इसके बाद उसे फ्रॉड के केस में अरेस्ट किया गया था। ED की टीम ने उसके घर के बाहर CRPF तैनात कर दी है। किसी को भी अंदर-बाहर आने-जाने की परमिशन नहीं है। पटवारी का AAP की विधायक से क्या कनेक्शन है, इसको लेकर अभी स्थिति साफ नहीं हुई है। वहीं विधायक अरोड़ा के 7 ठिकानों पर बुधवार सुबह 6 बजे से अभी तक रेड चल रही है। ED सोर्सेज के मुताबिक ये रेड नेशनल हाईवे नंबर 754A के निर्माण के लिए अधिगृहित सरकारी जमीन के कथित फर्जी इंतकाल और मुआवजा घोटाले से जुड़े मामले में की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर) 4. बहन ने भाई की अर्थी को कंधा दिया मानसा के गांव भम्मे कलां के दलजीत सिंह (35) का मौत के 8वें दिन गुरुवार को अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनकी बहन अमरजीत कौर ने भाई की अर्थी को कंधा दियाा। इससे पहले दलजीत सिंह की मौत से पहले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। गिरफ्तार युवक की बहन ने सीसीटीवी सामने लाते हुए दावा किया है कि दलजीत सिंह की हत्या नहीं की गई, बल्कि नशे का इंजेक्शन लगाने से उसकी मौत हुई है। बहन ने कहा कि सीसीटीवी में दलजीत इंजेक्शन लेकर बाथरूम में जाता दिखाई दे रहा है। बहन ने आरोप लगाया है कि उसके भाई को हत्या के मामले में झूठा फंसाया गया है। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। (पढ़ें पूरी खबर) 5. बेकाबू कार ने 5 को कुचला, एक की मौत लुधियाना में आज सुबह करीब सवा 8 बजे एक वरना कार व्यस्त सड़क पर बेकाबू हो गई। कार ने रास्ते में आए करीब 5 लोगों को अपनी चपेट में लिया, जिसमें स्कूटी सवार एक सब्जी विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई। कार उस सब्जी विक्रेता को दूर तक घसीटती ले गई, फिर उसे कुचलकर आगे निकल गई। वहीं, बाकी लोगों को गहरी चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोग सभी घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां सभी का उपचार चल रहा है। कार ड्राइवर दुर्घटना के बाद मौके से भाग गया था। हालांकि, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। लोगों ने बताया है कि ड्राइवर कार चलाना सीख रहा था। बाजार में भीड़ देख वह घबरा गया और यह दुर्घटना हो गई। इस दुर्घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। (पढ़ें पूरी खबर) 6. झोटा हत्याकांड में गिरफ्तार 2 नेताओं को छोड़ने का आदेश मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के 23वें दिन परिवार पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हो गया। 6 नवंबर को झोटा का चंडीगढ़ PGI में पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। हालांकि, अंतिम संस्कार किस दिन किया जाएगा, यह स्पष्ट नहीं किया गया। वहीं मानसा कोर्ट ने आज अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के नेता लक्खा सिंह सिधाना और मोहनजीत सिंह शेरों को तुरंत रिहा करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने नाभा जेल के सुपरिंटेंडेंट से कहा कि दोनों की किसी अन्य मामले में जरूरत नहीं है। इससे पहले, बुधवार (4 नवंबर) को मानसा में परिवार व एक्शन कमेटी की विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां के साथ बैठक हुई। इसमें CM और DGP के इस्तीफे की मांग को छोड़कर बाकी मांगों पर सहमति बन गई। सरकार झोटा के परिवार को 2 करोड़ रुपए मुआवजा देगी। उनकी पत्नी को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर) 7. सिंगर सुनंदा शर्मा पहली बार मां को स्टेज पर लाईं सिंगर सुनंदा शर्मा मोहाली कॉन्सर्ट के दौरान पहली बार अपनी मां को स्टेज पर लेकर आईं। उन्होंने मां को दर्शकों की मोबाइल फ्लैशलाइट की रोशनी दिखाई और कहा कि मम्मी मैं रोज यही करती हूं। देखो कितना खूबसूरत है। मां को अपने साथ स्टेज पर देखकर सुनंदा काफी भावुक और खुश नजर आईं। उन्होंने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वह खुद को बहुत खुशनसीब मानती हैं कि उन्हें अपनी मां को यह नजारा दिखाने का मौका मिला। बता दें कि, सिंगर सुनंदा शर्मा बुधवार रात मोहाली के एक कॉलेज में आयोजित ‘परिवर्तन 2K26 : हेरिटेज टू होराइजन’ फेस्ट में प्रस्तुति दे रही थीं। (पढ़ें पूरी खबर) 8. इंग्लैंड में पंजाबी महिला डॉक्टर जिंदा जली पंजाबी महिला डॉक्टर शिवानी की इंग्लैंड में घर में आग लगने से मौत हो गई। घर से धुआं निकलता देखकर पड़ोसियों ने आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी। इसके बाद फायर और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर पति-पत्नी को बाहर निकाला। आपातकालीन चिकित्सा सहायता के बावजूद डॉ. शिवानी को बचाया नहीं जा सका। उनके पति दिलावर कटारिया भी आग लगने से गंभीर घायल हो गए। वह बर्मिंघम के क्वीन एलिजाबेथ अस्पताल में कोमा में वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। दूसरी तरफ, मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए हैं। मायके पक्ष ने घरेलू हिंसा और साजिश की आशंका जताई है। वहीं ससुराल पक्ष इसे शॉर्ट-सर्किट से हुआ हादसा बता रहा है। (पढ़ें पूरी खबर) 9. अकाली दल में वापसी करेंगे चंदूमाजरा पूर्व सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा जल्द ही परिवार सहित शिरोमणि अकाली दल (बादल) में शामिल होंगे। वह एक दिन पहले अकाली दल पुनर सुरजीत से अलग हो गए थे। उन्होंने सभी अकाली और पंथक संगठनों को एक मंच पर एकत्रित होने का आह्वान करते हुए कहा था कि पंजाब और पंथ के हितों की रक्षा के लिए साझा संघर्ष समय की जरूरत है। पत्रकारों से बातचीत में प्रो. चंदूमाजरा ने कहा था कि शिरोमणि अकाली दल पंथ और पंजाब की नुमाइंदगी करने वाली जमात है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा पंजाब के अधिकारों के लिए संघर्ष किया है, लेकिन मौजूदा हालात में प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी भूमिका न निभा पाने का उन्हें दुख है। उन्होंने कहा कि सरकार के जनविरोधी और पंजाब विरोधी फैसलों के खिलाफ सक्रिय राजनीतिक आंदोलन की कमी खल रही है। अकाली दल के अलग-अलग धड़ों में बंटे होने का लाभ उन ताकतों को मिल रहा है, जो पंजाब और पंथ के हितों के खिलाफ हैं। (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके… 10. दुल्हन को लेने नहीं पहुंचा दूल्हा फरीदकोट में मनचाहा दहेज नहीं मिला तो दूल्हा बारात लेकर ही नहीं आया। दुल्हन के घर में सारी तैयारियां हो चुकी थी। कार्ड बांटे जा चुके थे। रिश्तेदार पहुंच गए थे। इससे पहले ही दूल्हे के परिजन 10 लाख कैश और 4 तोले सोना मांगने लगे। जब दुल्हन के परिजनों ने कहा कि हम दहेज नहीं दे सकते तो उन्होंने बारात लाने से इनकार कर दिया। इसके बाद दुल्हन पक्ष पुलिस के पास पहुंचा। जिसके बाद दूल्हे समेत 6 लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)