समाचार · मध्य प्रदेश
सोनिया गांधी की किताब पर बोले दिग्विजय:कहा- उनकी विचारधारा सनातन परंपराओं पर आधारित, यह नफरत के खिलाफ
एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को गुना में सोनिया गांधी की किताब पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किताब में उन्होंने पूरे जीवन की अपनी कहानी सुनाई है। उनकी विचारधारा को उन्होंने प्रदर्शित किया है। वह विचारधारा जो हमारी सनातन परंपराओं पर है और सर्वधर्म समभाव और प्रेम, सद्भाव, सत्य, अहिंसा का मार्ग दिखाने के लिए है। इसीलिए हमारी विचारधारा नरेंद्र मोदी की नफरत भरी विचारधारा के खिलाफ है। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मंगलवार शाम को गुना में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यात्रा करने के पीछे दो मुख्य उद्देश्य हैं। पहला चंदा चोरी का है और दूसरा वोट चोरी का। अपनी किताब में सोनिया गांधी द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह उनका बड़प्पन है कि उन्होंने मोदी जी की तारीफ की। कहा कि जिन-जिन नेताओं ने धीरेंद्र शास्त्री की कथा कराई, वे सब चुनाव हार गए। उन्होंने भगवान कृष्ण को लेकर जो बात कही है, वे उससे सहमत नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा का सनातन नहीं, सावरकर वाला हिंदुत्व है, जो नफरत फैलाता है। SIR पर योगी आदित्यनाथ का किया समर्थन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा SIR को लेकर जताई गई आपत्ति का समर्थन करते हुए दिग्विजय सिंह ने मांग की कि इसे समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के अधिकारी ज्ञानेश कुमार को देश की जनता को जवाब देना चाहिए कि आखिर किसके आदेश पर SIR की प्रक्रिया कराई जा रही है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों के संबंध में उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की संभावना भी जताई। मेरी यात्रा का चुनाव से संबंध नहीं भाजपा के एक चर्चित नारे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के नारे इस बात को पूरी तरह स्पष्ट करते हैं कि भाजपा का लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी आगामी 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' को लेकर स्थिति साफ करते हुए कहा कि उनकी इस यात्रा का किसी भी चुनाव से कोई सीधा संबंध नहीं है।