समाचार · राजस्थान
राजस्थान SET में सिर्फ 6.59% अभ्यर्थी पास, जानें किस विषय की कटऑफ रही सबसे ज्यादा

Rajasthan SET Result 2026: कोटा विश्वविद्यालय ने राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (Rajasthan SET) 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है. परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट uok.ac.in पर जाकर अपना result चेक कर सकते हैं. इस बार परीक्षा में शामिल हुए कुल अभ्यर्थियों में से सिर्फ 6.59 फीसदी ही सफल हुए हैं. परीक्षा में सबसे ज्यादा कटऑफ वाणिज्य विषय की रही है. वहीं, लोक प्रशासन और भूगोल में भी सामान्य वर्ग की कटऑफ 66.67 फीसदी दर्ज की गई है.
राजस्थान सेट में 9,191 अभ्यर्थी हुए पास
राजस्थान SET 2026 के लिए कुल 1,77,901 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. इनमें से 1,39,383 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. रिजल्ट में केवल 9,191 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं. इस तरह परीक्षा में शामिल हुए कुल अभ्यर्थियों में से 6.59 फीसदी ने ही सफलता हासिल की है.
राजस्थान SET पास करने वाले अभ्यर्थी राज्य के सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों के साथ कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पात्र होंगे. इसके तहत राजस्थान के 34 सरकारी विश्वविद्यालयों, 100 निजी विश्वविद्यालयों और करीब 2,000 महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की पात्रता मिलेगी.
राजस्थान SET 2026 की विषयवार कटऑफ जारी
कोटा विश्वविद्यालय ने अलग-अलग विषयों और श्रेणियों के अनुसार कटऑफ जारी की है. मुख्य विषयों में वाणिज्य की कटऑफ सबसे अधिक रही. सामान्य वर्ग के लिए यह 74.67 फीसदी है. वहीं, लोक प्रशासन और भूगोल में सामान्य वर्ग की कटऑफ 66.67 फीसदी रही.
राजस्थान SET 2026: मुख्य विषयों की कटऑफ
कटऑफ प्रतिशत में
दो विषयों में लागू हुआ स्केलिंग फॉर्मूला
राजस्थान SET 2026 में भूगोल और शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा दो पारियों में आयोजित की गई थी. ऐसे में दोनों विषयों के रिजल्ट में स्केलिंग फॉर्मूले का इस्तेमाल किया गया है.
वहीं, परीक्षा के ई-सर्टिफिकेट और स्कोरकार्ड रिजल्ट जारी होने के दो सप्ताह बाद उपलब्ध होंगे. अभ्यर्थी अपनी SSO ID के माध्यम से इन्हें डाउनलोड कर सकेंगे.
राजस्थान SET में कैसे हुई मार्किंग?
राजस्थान SET 2026 के रिजल्ट के लिए यूजीसी नेट (UGC-NET) के दिशा-निर्देशों के अनुसार मार्किंग स्कीम लागू की गई थी. परीक्षा में सही और गलत जवाबों के लिए अंक निर्धारित करने के नियम इस प्रकार थे.
सही उत्तर: प्रत्येक सही जवाब के लिए 2 अंक दिए गए हैं
नेगेटिव मार्किंग: गलत जवाब देने पर कोई अंक नहीं काटा गया है
बिना उत्तर वाले प्रश्न: जिन सवालों का जवाब नहीं दिया गया, उनके लिए कोई अंक नहीं मिला
मार्क्ड फॉर रिव्यू: जिन सवालों का जवाब देकर उन्हें रिव्यू के लिए मार्क किया गया था, उनका भी मूल्यांकन किया गया है
विवादित सवालों पर कैसे मिले अंक?
एक से अधिक सही विकल्प: अगर किसी सवाल के एक से ज्यादा विकल्प सही थे, तो किसी भी एक सही विकल्प को चुनने वाले अभ्यर्थियों को 2 अंक मिले.
सभी विकल्प सही: अगर किसी सवाल के सभी विकल्प सही पाए गए, तो उसका जवाब देने वाले सभी अभ्यर्थियों को 2 अंक दिए गए.
कोई विकल्प सही नहीं: अगर सवाल गलत पाया गया या उसे ड्रॉप किया गया, तो उस सवाल को हल करने की कोशिश करने वाले अभ्यर्थियों को 2 अंक दिए गए.
दोनों प्रश्नपत्रों Paper-A और Paper-B को मिलाकर कुल 300 अंकों के आधार पर एग्रीगेट प्रतिशत की गणना की गई है.
कहां और कैसे चेक करें Rajasthan SET Result 2026?
सबसे पहले कोटा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट uok.ac.in पर जाएं.
वेबसाइट पर Rajasthan SET Result 2026 से जुड़े लिंक को खोलें.
मांगी गई जानकारी दर्ज करें.
रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा.
अपना रिजल्ट चेक करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट या डाउनलोड कॉपी सुरक्षित रख लें.