Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

खरसावां के सुमित पूर्ति ने मारी बाजी, झारखंड की अंडर-14 फुटबॉल टीम में मिली जगह

INT News10 November 2026 at 07:00 am

खरसावां : खरसावां के एक छोटे से प्रशिक्षण केंद्र से निकली प्रतिभा अब राष्ट्रीय फुटबॉल मैदान पर अपनी चमक बिखेरने को तैयार है. खरसावां आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु खिलाड़ी सुमित सौरभ पूर्ति का चयन झारखंड स्कूल नेशनल अंडर-14 बालक फुटबॉल टीम में हुआ है. वह मध्य प्रदेश के छतरपुर में होने वाली राष्ट्रीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेंगे. प्रतियोगिता 12 से 17 नवंबर तक आयोजित होगी. सुमित के चयन से प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सरायकेला-खरसावां जिले में खुशी का माहौल है.

ये भी पढ़ें : पूजा पंडाल के पास गोली मारकर युवक की हत्या, दोस्त पर ही वारदात को अंजाम देने का आरोप

मेहनत और लगन ने दिलाया राष्ट्रीय टीम में स्थान

सुमित का चयन उनकी मेहनत, लगन और फुटबॉल के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है. प्रशिक्षण केंद्र में अभ्यास के दौरान उन्होंने अपने खेल कौशल को लगातार निखारा है. अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य के लिए बेहतर प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा. उनकी इस उपलब्धि से प्रशिक्षण केंद्र के दूसरे खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है.

खेल पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों ने दी बधाई

सुमित की उपलब्धि पर जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला खेल संघ (डीएसए) के सचिव मोहम्मद दिलदार, पिनाकी रंजन, फुटबॉल प्रशिक्षक बलराम महतो और संजय सुंडी सहित प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं ने बधाई दी है. सभी ने सुमित के साथ झारखंड टीम को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं. प्रशिक्षकों ने उम्मीद जतायी कि झारखंड की टीम छतरपुर में शानदार प्रदर्शन करेगी और राज्य का नाम रोशन करेगी. उन्होंने कहा कि सुमित की सफलता यह साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है. जरूरत उन्हें सही प्रशिक्षण और अवसर देने की है.

ये भी पढ़ें : Video : झुंड से बिछड़कर मिरुडीह पहुंचे दो हाथी, सेल्फी लेने की होड़ से बढ़ा खतरा