समाचार · मध्य प्रदेश
महानदी पुल चार साल से बंद, बाईपास अधूरा:बरही के पास 30 किमी का चक्कर लगा रहे ग्रामीण; मरीज-किसान और स्कूली बच्चे परेशान
कटनी जिले में खजुराहो-अमरकंटक राजमार्ग-11 पर बरही के पास कुटेश्वर गांव के नजदीक महानदी पुल चार साल से बंद है। पुल के विकल्प के तौर पर बाईपास का काम भी अब तक पूरा नहीं हुआ है। इसके कारण स्थानीय लोगों और यात्रियों को करीब 30 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। पुल बंद होने से बरही, कुटेश्वर, इटोरा, घुरहर, हरदुआ, धनवाही, मजगमा, आमातारा और धरी समेत दर्जनों गांवों के हजारों लोग प्रभावित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि किसी के बीमार होने पर उसे अस्पताल ले जाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। किसानों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी पुल बंद होने से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है। वहीं, स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना आने-जाने में परेशानी होती है। यह राजमार्ग खजुराहो, अमरकंटक, बांधवगढ़ नेशनल पार्क, अयोध्या, बनारस और छत्तीसगढ़ को जोड़ता है। पुल बंद होने से पर्यटकों और दूसरे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए करीब 30 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। रास्तों की जानकारी नहीं होने के कारण बाहर से आने वाले यात्री भटक भी जाते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे क्षेत्र की पर्यटन गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। भारी वाहनों से बरही में लगता है जाम बरही नगर से भारी वाहन गुजरते हैं। खनिज संपदा का परिवहन भी इसी रास्ते से होता है। इसके चलते नगर में जाम की स्थिति बनती है और सड़क हादसे भी होते रहते हैं। स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, करीब 15 साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नगर में यातायात का दबाव कम करने के लिए बाईपास बनाने की घोषणा की थी। उनका कहना है कि डेढ़ दशक बाद भी बाईपास का काम पूरा नहीं हो सका है। ग्रामीणों और स्थानीय व्यवसायियों ने पुल और बाईपास की समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों की उदासीनता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है, लेकिन समाधान के लिए जिम्मेदार विभागों और जनप्रतिनिधियों की ओर से ठोस पहल नहीं की जा रही है।