समाचार · हरियाणा
गुरुग्राम में ब्लैकलिस्टेड फास्टैग से हुआ बिजवासन टोल पर झगड़ा:NHAI ने कॉन्ट्रेक्टर पर लगाया 15 लाख जुर्माना; पूछा-क्यों न आपको ब्लैकलिस्ट कर दिया जाए
गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे एनएच-248बीबी के बिजवासन टोल प्लाजा पर कार सवार फैमिली और टोल कर्मियों के बीच हुई मारपीट की एप पर खबर चलने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा कड़ा संज्ञान लिया है। मंगलवार को एनएचएआई ने टोल संचालन करने वाली कांट्रेक्ट कंपनी मेसर्स रिद्धि सिद्धि एसोसिएट्स पर लापरवाही और कर्मचारियों के हिंसक व्यवहार के लिए ₹15 लाख का भारी जुर्माना ठोंक दिया है। इसके अलावा कांट्रेक्टर को ‘शो कॉज नोटिस’ जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि क्यों न आपको ब्लैकलिस्ट कर दिया जाए। अब आगे की कार्रवाई कांट्रेक्ट एग्रीमेंट के प्रावधानों और लागू प्रक्रियाओं के अनुसार की जाएगी। ब्लैक लिस्टेड फास्टैग के कारण झगड़ा एनएचएआई की तरफ से स्थिति स्पष्ट करते हुए अधिकारिक तौर पर बताया गया कि बिजवासन टोल प्लाजा पर हुई घटना, ब्लैकलिस्टेड फास्टैग वाली कार द्वारा टोल शुल्क के भुगतान को लेकर हुए विवाद के कारण हुई थी। यह विवाद बाद में टोल प्लाजा के कर्मचारियों के साथ हाथापाई में बदल गया। पांच नवंबर की घटना, भास्कर एप ने उठाया मुद्दा यह घटना पांच नवंबर को हुई थी, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया। यात्रियों के साथ हुई इस घटना और सुरक्षा के मुद्दे को एप ने प्रमुखता से उठाया। भास्कर एप की खबर का कड़ा संज्ञान लेते हुए एनएचएआई के दिल्ली आरओ मुख्यालय ने त्वरित कार्रवाई की है। अनुबंध के तहत होगी आगे की कड़ी कार्रवाई
एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भले ही विवाद की शुरुआत वाहन के ब्लैकलिस्टेड फास्टैग और टोल भुगतान को लेकर हुई थी, लेकिन टोल कर्मियों को कानून हाथ में लेने या यात्रियों पर हमला करने का कोई अधिकार नहीं है। एनएचएआई ने अपने बयान में कहा है कि इस मामले में आगे की सभी दंडात्मक कार्रवाई दोनों पक्षों के बीच हुए अनुबंध समझौते के कड़े प्रावधानों और लागू कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार पूरी मुस्तैदी से की जाएगी। राजमार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ करने वाली किसी भी एजेंसी को बख्शा नहीं जाएगा।