समाचार · हरियाणा
सेक्टर-18 में बंद मकान से नकदी और जेवर चोरी
INT News10 November 2026 at 05:30 am
पानीपत| सेक्टर-18 में एक वेस्ट कारोबारी के घर से चोर 2 लाख रुपये और करीब 5 लाख रुपये कीमत के जेवरात चोरी कर ले गए। पीड़ित अजय देशवाल दीपावली पर परिवार के साथ अपने पैतृक गांव गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने मुख्य दरवाजे के ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया और पहली मंजिल पर किराये के कमरे का ताला भी तोड़ा। किरायेदार अभी गांव गया है, लौटने पर ही उसके सामान के नुकसान का आकलन हो सकेगा। घर में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखने पर कैमरे बंद मिले तो शक हुआ। परिजन ने रिश्तेदार को मौके पर भेजा, जहां ताले टूटे मिले। बाद में जांच में सामने आया कि चोर डीवीआर भी अपने साथ ले गए। सेक्टर 13-17 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।