national
Rain Warning: पहाड़ों से समुद्र तक बदलेगा मौसम, कश्मीर में भारी बर्फबारी, बंगाल की खाड़ी में बढ़ी हलचल

Rain Warning: देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. कहीं भारी बारिश तो कहीं बर्फबारी और तेज हवा चलने के आसार हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 13 नवंबर तक बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है. खासकर 12 नवंबर को कश्मीर घाटी के कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
उधर, बंगाल की खाड़ी में भी मौसम की नई हलचल शुरू हो सकती है. मौसम विभाग ने 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान जाहिर किया है. यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 24 घंटों में और मजबूत होकर स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है.
?ref_src=twsrc%5Etfw">
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में 10 से 16 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है. खास कर 12 और 13 नवंबर को तेज हवाओं का अनुमान है, जिनकी रफ्तार झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. उत्तराखंड में 12 और 13 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं. वहीं, पंजाब में 12 से 16 नवंबर के दौरान छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है.
तमिलनाडु में फिर भारी बारिश, 60 KM की हवाओं का अलर्ट
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में 10 और 11 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इसके बाद 15 और 16 नवंबर को भी बारिश का जोर बढ़ सकता है. मौसम विभाग ने 10 से 12 नवंबर और फिर 15 से 16 नवंबर के दौरान इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. केरल और माहे में 16 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा लक्षद्वीप में 10 से 16 नवंबर तक छिटपुट बारिश हो सकती है.
अंडमान-निकोबार में पांच दिन भारी बारिश की चेतावनी
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 10 से 16 नवंबर तक कई स्थानों पर बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने 10 से 14 नवंबर के दौरान कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही 10 से 15 नवंबर तक बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं. इस दौरान हवाओं की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
कहां-कब भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट?
पूर्वोत्तर के चार राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इन राज्यों में 11 नवंबर को भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. खास कर मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में मध्यम से तेज बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी 10 से 12 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है.
बिहार, झारखंड और बंगाल में भी बारिश के आसार
पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड और उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 10 और 11 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. गंगीय पश्चिम बंगाल में 10 से 12 नवंबर के बीच छिटपुट बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने 10 नवंबर को पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में गरज-चमक तथा बिजली गिरने की संभावना भी जताई है. पश्चिमी और मध्य भारत में फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं बताई गई है.
Also Read: देश के सबसे प्रदूषित 10 शहरों में दिल्ली नहीं, जानें किन शहरों का AQI सबसे ज्यादा है और कौन है नंबर-1