समाचार · उत्तर प्रदेश
विश्व धरोहर आगरा किला के पास बनेगा पहला 'अदृश्य' अंडरपास, मेट्रो स्टेशन से सीधे टिकट काउंटर तक पहुंचेंगे पर्यटक, जानें UPMRC का पूरा प्लान

Agra Fort Metro Station: उत्तर प्रदेश के आगरा में आगरा किला आने वाले पर्यटकों का सफर आसान होने वाला है. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) डॉ आंबेडकर चौक मेट्रो स्टेशन से आगरा किला के अमर सिंह गेट तक अंडरपास बनाने की तैयारी कर रहा है. इसके बनने से पर्यटकों को मेट्रो स्टेशन से किले तक पहुंचने के लिए सड़क और चौराहा पार नहीं करना पड़ेगा. करीब 105 मीटर की दूरी तय कर वे सीधे किले के टिकट काउंटर तक पहुंच सकेंगे. खास बात यह है कि विश्व धरोहर आगरा किला के पास बनने वाले इस अंडरपास का डिजाइन इस तरह तैयार किया गया है कि इसका कोई स्ट्रक्चर बाहर से दिखाई नहीं देगा.
आगरा किला के पास बनेगा मेट्रो का पहला अंडरपास
यूपी मेट्रो के दोनों कॉरिडोर में यह पहला अंडरपास होगा, जिसका निर्माण किसी विश्व धरोहर स्मारक के नजदीक किया जाएगा. आगरा किला को वर्ष 1983 में विश्व धरोहर घोषित किया गया था. इसके बाद पहली बार किले से महज 15 मीटर की दूरी पर किसी निर्माण की अनुमति दी गई है. प्रस्तावित अंडरपास किले की खाई से 15 मीटर दूर मौजूदा टिकट काउंटर के पीछे बनाया जाएगा.
टिकट काउंटर के पीछे से शुरू होगा निर्माण
अंडरपास का निर्माण आगरा किला के टिकट काउंटर के पीछे बने बाग से शुरू किया जाएगा. यहां सीढ़ियों के जरिए पर्यटकों को अंडरपास तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी. इसके बाद यह रास्ता सीधे डॉ. आंबेडकर चौक मेट्रो स्टेशन तक जाएगा. यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा के अनुसार, अंडरपास की पूरी ड्राइंग तैयार कर ली गई है.
सड़क और चौराहा पार करने की नहीं होगी जरूरत
फिलहाल आगरा किला से मेट्रो स्टेशन की दूरी करीब 105 मीटर है. इस बीच सड़क और चौराहा पड़ता है. अंडरपास बनने के बाद पर्यटकों को इन रास्तों को पार नहीं करना होगा. वे मेट्रो स्टेशन से अंडरपास के जरिए सीधे आगरा किला के अमर सिंह गेट पर बने टिकट काउंटर तक पहुंच सकेंगे. इससे सड़क पार करते समय होने वाले हादसों का खतरा भी कम होगा.
अंडरपास का स्ट्रक्चर नहीं आएगा नजर
इस अंडरपास को इस तरह डिजाइन किया गया है कि निर्माण का कोई स्ट्रक्चर बाहर से दिखाई नहीं देगा. इससे आगरा किला की ऐतिहासिक पहचान और आसपास के दृश्य पर असर नहीं पड़ेगा. परियोजना का उद्देश्य मेट्रो से आने वाले पर्यटकों को किले तक सीधी पहुंच देना और उनकी आवाजाही को अधिक सुविधाजनक बनाना है.
Must Read: रामनगर बंदरगाह को रेलवे से जोड़ने की तैयारी तेज, वाराणसी के इस गांव में 1780 वर्गमीटर जमीन चिह्नित, जानें पूरा प्लान