national
सौरव दास को ब्रिटेन जाने से रोकने पर भड़के दीपके, बोले- CJP आंदोलन की सफलता से डरी मोदी सरकार

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP), जो हाल ही में चर्चा में है, के आंदोलन की बढ़ती लोकप्रियता से केंद्र सरकार घबरा गई है. इसी वजह से पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास को जानबूझकर ब्रिटेन जाने से रोका गया. यह गंभीर आरोप कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंगलवार को लगाया. उन्होंने दावा किया कि सौरव दास को ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ब्रिटेन जाना था, जहां उन्हें कॉकरोच आंदोलन की सफलता पर अपनी बात रखनी थी.
दरअसल, सौरव दास ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की एक शृंखला साझा कर आरोप लगाया था कि उन्हें ब्रिटेन जाने से रोक दिया गया. दास के मुताबिक, वह लंदन जाने वाली रात एक बजे की उड़ान पकड़ने के लिए दिल्ली हवाई अड्डे पहुंचे थे. इसी दौरान आव्रजन काउंटर पर उन्हें रोक लिया गया और विदेश यात्रा करने की अनुमति नहीं दी गई.
2019 में जारी हुआ था पासपोर्ट, पहले दो बार जा चुके हैं विदेश
अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि सौरव दास का पासपोर्ट वर्ष 2019 में जारी किया गया था. कॉजपा के गठन से पहले भी वह इसी पासपोर्ट पर दो बार विदेश यात्रा कर चुके हैं. उस समय सरकार को पासपोर्ट में कोई गड़बड़ी नजर नहीं आई, लेकिन अब जब सौरव दास एक प्रमुख कार्यकर्ता और लोकतांत्रिक चेहरा बन गए हैं, तो अचानक उसमें विसंगति मिलने लगी है.
दिल्ली एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद मिला नोटिस
दीपके ने दावा किया कि सौरव दास को नोटिस सोमवार रात को ही तामील किया गया, जबकि उन्हें उसी रात दिल्ली हवाई अड्डे से ब्रिटेन के लिए रवाना होना था. उन्होंने सवाल उठाया कि नोटिस इतनी देर से क्यों भेजा गया, ताकि संबंधित व्यक्ति को जवाब देने का पर्याप्त समय ही न मिल सके. दीपके ने कहा कि आखिर सरकार को उनसे इतना डर क्यों है?
'क्या एक भारतीय विदेश यात्रा भी नहीं कर सकता?'
कॉजपा संस्थापक ने कहा कि सौरव दास को आंदोलन की सफलता और उसके प्रभाव के बारे में अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी बात रखनी थी. उन्होंने सवाल किया कि एक भारतीय नागरिक विदेश यात्रा क्यों नहीं कर सकता? क्या सौरव दास कोई अपराधी हैं? दीपके के मुताबिक, दास की सबसे बड़ी गलती यही है कि उन्होंने कोई घोटाला या धोखाधड़ी नहीं की.
विजय माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चोकसी का नाम लेकर केंद्र पर निशाना
अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए विजय माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चोकसी का जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि सौरव दास को इसलिए रोका गया, क्योंकि उन्होंने इन लोगों की तरह कोई धोखाधड़ी नहीं की. दीपके ने इस पूरे घटनाक्रम को कॉजपा आंदोलन की बढ़ती लोकप्रियता से जोड़ते हुए केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए.
ये भी पढ़ें: अकाली दल की NDA में वापसी: PM मोदी बोले- पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सबसे ऊपर