national
जब सोनिया गांधी ने कहा था- तुम बस औसत दिखते हो', राहुल ने सुनाया किस्सा, प्रियंका ने भी खोले राज, Video

Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ बातचीत में बचपन का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है. राहुल ने बताया कि एक बार उन्होंने अपनी मां से पूछा था कि क्या वह अच्छे दिखते हैं. इस पर सोनिया गांधी ने उन्हें कोई खास तारीफ देने के बजाय साफ-साफ कह दिया था कि वह औसत दिखते हैं. राहुल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी मां बचपन से ही उनकी तारीफ करने में कंजूसी करती रही हैं और आज भी यह सिलसिला जारी है. सोनिया गांधी के संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' को लेकर हुई इस बातचीत में गांधी परिवार की कई निजी यादें सामने आईं.
'क्या मैं अच्छा दिखता हूं?' राहुल ने बताया मां का जवाब
सोनिया गांधी और प्रियंका के साथ बातचीत के दौरान राहुल ने बचपन की उस घटना का जिक्र किया, जब उन्होंने अपनी मां से अपने रूप-रंग के बारे में राय मांगी थी. राहुल ने बताया कि उन्होंने सोनिया से पूछा था कि क्या वह अच्छे दिखते हैं. लेकिन मां ने बिना किसी झिझक के जवाब दिया कि उनका रूप-रंग बस औसत है. यह किस्सा सुनाते हुए राहुल ने कहा कि उनकी मां हमेशा उनकी कमियां बताती रही हैं. बातचीत से यह भी सामने आया कि सोनिया अपने दोनों बच्चों के लिए ऊंचे मानक रखती थीं और छोटी-छोटी उपलब्धियों पर भी आसानी से उनकी प्रशंसा नहीं करती थीं.
प्रियंका ने बताया, मां के चहेते थे राहुल गांधी
बातचीत में प्रियंका गांधी ने अपने भाई से जुड़ा एक और दिलचस्प पहलू साझा किया. उन्होंने राहुल को सोनिया गांधी का सबसे प्रिय बच्चा बताते हुए कहा कि वह मां की आंखों के तारे थे. इसी दौरान पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से राहुल के खास लगाव का भी जिक्र किया. परिवार के तीनों सदस्यों ने माना कि राहुल अपनी दादी के बेहद करीब थे. सोनिया ने मजाक में कहा कि इंदिरा गांधी ने राहुल को बहुत लाड़-प्यार दिया था. प्रियंका ने बताया कि वह भी अपनी दादी से बहुत प्यार करती थीं, लेकिन राहुल की तरह उन्हें कभी अपनी मां के रूप में नहीं देखा.
राहुल दादी इंदिरा गांधी को भी कहते थे 'मां'
राहुल गांधी ने बचपन की एक और याद साझा करते हुए बताया कि वह अपनी दादी इंदिरा गांधी को मां कहकर बुलाते थे. इस पर सोनिया गांधी ने हंसते हुए याद दिलाया कि राहुल अक्सर इंदिरा गांधी को अपनी पहली मां बताते रहे हैं. सोनिया ने कहा कि कभी-कभी उन्हें अपने बेटे को याद दिलाना पड़ता था कि उनकी असली मां वह हैं. राहुल ने भी एक घटना का जिक्र किया, जब दादी को मां कहने पर सोनिया उनसे नाराज हो गई थीं.
?ref_src=twsrc%5Etfw">
राजीव गांधी की मौत के बाद बदल गई थीं सोनिया गांधी
बचपन के मजेदार किस्सों के बीच बातचीत उस दौर तक भी पहुंची, जिसने गांधी परिवार की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी. राहुल ने बताया कि उनके पिता राजीव गांधी के राजनीति में आने से पहले सोनिया का स्वभाव अलग था. उनके मुताबिक, राजीव गांधी की वर्ष 1991 में हत्या के बाद उनकी मां पहले जैसी नहीं रहीं. राहुल ने भावुक होकर कहा कि पिता की मृत्यु के बाद उन्होंने अपनी मां को पहले की तरह खुलकर हंसते और खुश होते बहुत कम देखा. उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बचपन में जिस मां को वह जानते थे, उनका वह रूप मानो कहीं खो गया.
सोनिया गांधी ने बताया, उनके पिता भी नहीं करते थे आसानी से तारीफ
जब राहुल और प्रियंका ने अपनी मां की सख्त परवरिश का जिक्र किया, तो सोनिया गांधी ने इसके पीछे अपने बचपन का अनुभव बताया. सोनिया गांधी ने कहा कि उनके पिता घर में बच्चों की आसानी से प्रशंसा नहीं करते थे. इसके उलट जब घर में मेहमान आते, तो वही पिता दूसरों के सामने बच्चों की तारीफ किया करते थे. पूरी बातचीत में राहुल, प्रियंका और सोनिया गांधी ने सिर्फ किताब में लिखी घटनाओं पर ही चर्चा नहीं की. उन्होंने परिवार की ऐसी यादें भी साझा कीं, जिनका जिक्र संस्मरण में नहीं है.
Also Read: VIDEO: ‘ तुम्हारा चाचा चोर है’ कहने पर प्रियंका गांधी ने स्कूल में लड़के को जड़ा था थप्पड़, सुनाया पुराना किस्सा