समाचार · बिहार
खरगे के 'मोदी का बाप भी जाएगा' बयान पर भड़के CM सम्राट, बोले- कांग्रेस और राहुल गांधी तुरंत मांगें माफी

Mallikarjun Kharge On PM Modi: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की एक टिप्पणी पर बिहार की राजनीति गरमा गई है. पटना में श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम में खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बयान दिया. इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की. बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने भी खरगे की टिप्पणी की कड़ी निंदा की है.
सम्राट चौधरी बोले- कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी माफी मांगें
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खरगे के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को लेकर अपशब्दों का इस्तेमाल करना गलत है. यह कांग्रेस की सोच और प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति उसकी दुर्भावना को दिखाता है.
सम्राट चौधरी ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा जरूरी है. उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से इस टिप्पणी के लिए तुरंत माफी मांगने की मांग की. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के परिवार को लेकर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना अपराध जैसा है. उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक विरोध में मर्यादा भूलने का आरोप भी लगाया.
'मोदी का बाप भी जाएगा' टिप्पणी पर हुआ हंगामा
दरअसल, पटना के बापू सभागार में श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम के दौरान खरगे ने RSS की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा. इसी दौरान सभा में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहीं नहीं जाएंगे. इस पर खरगे ने जवाब दिया, 'मोदी का बाप भी जाएगा.'
खरगे की इस टिप्पणी के बाद सभागार में हंगामे जैसी स्थिति बन गई. कार्यक्रम के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के साथ मारपीट की. इसका वीडियो भी सामने आया है.
संजय सरावगी बोले- कांग्रेस की हताशा दिखाता है बयान
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने खरगे की टिप्पणी की कड़ी निंदा की. उन्होंने इसे कांग्रेस की हताशा और संस्कारहीन राजनीतिक संस्कृति का परिचायक बताया. सरावगी ने आरोप लगाया कि खरगे गांधी परिवार की राजनीतिक सोच के अनुरूप बयान दे रहे हैं.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पद की अपनी गरिमा होती है. राजनीतिक विरोध के बावजूद भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है. सरावगी ने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों को भी बेबुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी राजनीतिक विफलताओं पर आत्ममंथन करना चाहिए.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
नित्यानंद राय ने भी की टिप्पणी की निंदा
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने खरगे की टिप्पणी को अमर्यादित और निंदनीय बताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता राजनीतिक निराशा में प्रधानमंत्री के परिवार को निशाना बना रहे हैं. राय ने आरोप लगाया कि इससे पहले प्रधानमंत्री की माता को लेकर भी अपमानजनक टिप्पणियां की गई थीं.
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में शालीनता और भाषा की मर्यादा का सम्मान करना हर राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है. राय ने कांग्रेस नेतृत्व से इस आचरण पर जवाब देने की मांग की.
भाजपा ने कहा- जनता देगी जवाब
खरगे की टिप्पणी पर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और उनके परिवार के बारे में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है. नेताओं ने इसे राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया. उन्होंने कहा कि जनता चुनाव में राजनीतिक दलों के आचरण का जवाब देती है.
Also Read: पटना में खरगे बोले- मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा, कांग्रेस अध्यक्ष के सामने शख्स की पिटाई