national
सड़क पर नग्न होकर किस बात का विरोध कर रहे किन्नर? प्रदर्शन और मारपीट का वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश के झांसी में पुलिस लाइन के सामने 24 अक्टूबर की शाम किन्नरों के एक गुट ने जमकर हंगामा किया. पुलिस के मुताबिक किन्नरों के एक समुह ने नग्न होकर प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने यातायात रोक दिया और राहगीरों के साथ मारपीट भी की. पुलिस ने स्थिति संभालने के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस लाइन के सामने सड़क पर किन्नरों का प्रदर्शन
पुलिस के मुताबिक, यह मामला नवाबाद थाना क्षेत्र में 24 अक्टूबर की शाम की है. प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली अंशिका उर्फ अभिषेक किन्नर, पूजा किन्नर, नयनपारा किन्नर, रश्यिन किन्नर और अंशिका की मां ममता पुलिस लाइन के गेट के सामने पहुंचीं. आरोप है कि उन्होंने यातायात बैरियर लगाकर रास्ता रोक दिया और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान आने-जाने वाले लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया. विरोध करने पर हाथापाई के आरोप भी लगे. कुछ प्रदर्शनकारी राहगीरों की गाड़ियों के बोनट पर चढ़ गए. इससे सड़क पर यातायात बाधित हो गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और रास्ता खुलवाने की कोशिश की, लेकिन मामला बढ़ता गया. पुलिस के अनुसार, इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति संभाली और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
बब्ली मौसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग
पुलिस के मुताबिक, हंगामे की मुख्य वजह किन्नरों के दो गुटों के बीच पुराना विवाद है. प्रदर्शनकारी अपने विरोधी गुट की प्रमुख बब्ली मौसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का दबाव बना रहे थे. आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने पुलिस लाइन के सामने हंगामा शुरू कर दिया. एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि चार किन्नरों और उनके एक सहयोगी ने यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया था.
पुलिस के अनुसार, अंशिका उर्फ अभिषेक पहले बब्ली मौसी के साथ काम करती थी. करीब दो साल पहले इलाके में लोगों से बिना बताए ज्यादा बधाई मांगने की शिकायतें मिली थीं. इसके बाद बब्ली मौसी ने अंशिका को अपने गुट से अलग कर दिया. फिर अंशिका ने अपना अलग समूह बना लिया. इसी के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और तनाव बना हुआ है. पुलिस का कहना है कि दोनों गुटों को कई बार समझाने की कोशिश की गई, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ.
दो दिन पहले थाने में फिनायल पीने की कोशिश
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 22 अक्टूबर को भी इसी विवाद को लेकर एक किन्नर ने थाने में फिनायल पीकर आत्महत्या की कोशिश की थी. हालांकि, पुलिस ने उसे रोक लिया और समझाया. पुलिस का कहना है कि उस समय भी बब्ली मौसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की जा रही थी. इसके दो दिन बाद 24 अक्टूबर को फिर से विवाद बढ़ गया और पांच लोग पुलिस लाइन के सामने पहुंच गए.
न्यायालय में पेश किए गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, पांचों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है. उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों गुटों के बीच विवाद को लेकर पहले भी कई बार समझाने का प्रयास किया गया था. इसके बावजूद विवाद नहीं थमा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।