Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कांग्रेस नेता बोले- MP में 42 लाख वोट काटे:महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री का खरगोन में दावा, 1 नवंबर को दिल्ली पहुंचने की अपील

INT News25 October 2026 at 08:32 pm

रविवार देर शाम महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री व एआईसीसी प्रभारी मोहम्मद आरिफ खान और मध्य प्रदेश की सह प्रभारी उषा नायडू खरगोन पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक ली और 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली महारैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की। बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए चार बार के पूर्व मंत्री मोहम्मद आरिफ खान ने भाजपा के 'राहुल गांधी की रिलॉन्चिंग' वाले बयान पर करारा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपनी सियासत या छवि के लिए भाजपा से किसी सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। भाजपा को इधर-उधर की बातें करने और टिप्पणी करने के बजाय वोट चोरी और एसआईआर (SIR) के गंभीर मुद्दे पर देश को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब राजनीतिक दल के बजाय चुनाव आयोग की प्रवक्ता बनकर काम कर रही है। मध्य प्रदेश में 42 लाख वोट काटने का आरोप आरिफ खान ने दावा किया कि अकेले मध्य प्रदेश में ही 42 लाख वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। उन्होंने इसे 'वोट बचाओ' अभियान का सबसे प्रमुख मुद्दा बताया और कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई में दिल्ली में होने वाली महारैली में कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी तादाद में जनता भी जुटेगी। इस रैली के जरिए कांग्रेस मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और एसआईआर प्रक्रिया की गड़बड़ियों के खिलाफ अपनी आवाज पुरजोर तरीके से बुलंद करेगी।