समाचार · हरियाणा
सिरसा की नहर में कूदे बुजुर्ग का शव मिला:कालुआना पुल के पास बहता दिखा, 2 दिन से तलाश जारी थी
सिरसा जिले के डबवाली खंड के अबूबशहर गांव के पास राजस्थान कैनाल में कूदे 60 साल के हरबंस लाल का शव रविवार को मिला। उनका शव कालुआना पुल के पास नहर में तैरता हुआ मिला। पुलिस और गोताखोरों ने शव को नहर से बाहर निकाला। हरबंस लाल सिरसा की अग्रसेन कॉलोनी के रहने वाले थे। वह शुक्रवार को नहर में कूदे थे। पुलिस और गोताखोर दो दिन से उनकी तलाश कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, हरबंस लाल का उधारी की रकम को लेकर किसी से विवाद हुआ था। इससे परेशान होकर वह अबूबशहर पहुंचे थे। बताया गया कि एक बार लोगों ने उन्हें नहर में कूदने से बचा लिया था, लेकिन कुछ देर बाद वह दोबारा नहर पर गए और छलांग लगा दी। मोबाइल में वीडियो बनाकर नहर में कूदा परिजनों के अनुसार, नहर में छलांग लगाने से पहले हरबंस लाल ने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने नहर में कूदने की बात कही थी। घटना के बाद परिजनों ने चौटाला पुलिस चौकी में शिकायत दी थी और उसकी तलाश जारी थी। पुलिस की मौजूदगी में निकाला शव सदर थाना डबवाली के एसएचओ रमेश के अनुसार,मामला शहर थाना पुलिस सिरसा में दर्ज हुआ है। पुलिस और गोताखोरों की टीम बुजुर्ग की तलाश में जुटी हुई थी। रविवार को कालुआना पुल के पास करीब 10 से 11 बजे के बीच शव मिलने के बाद उसे नहर से बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के लिए पुलिस शव को सिरसा के नागरिक अस्पताल लेकर गई है। वहीं पर परिजनों के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।