समाचार · मध्य प्रदेश
MP के 102 स्टूडेंट्स को मिलेगी 1-1 लाख की स्कॉलरशिप:स्थापना दिवस पर CM मोहन यादव देंगे श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति और प्रमाण-पत्र; 1 नवंबर को होगा कार्यक्रम
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 1 नवंबर को प्रदेश के 102 छात्र-छात्राओं को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति और प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे। संस्कृति विभाग के अंतर्गत श्रीकृष्ण पाथेय न्यास ने विजेताओं की सूची जारी की है। छात्रवृत्ति के लिए विद्यालय और महाविद्यालय/विश्वविद्यालय, दोनों वर्गों में विद्यार्थियों का चयन किया गया है। पहले सर्वाधिक अंक हासिल करने और कम समय में प्रश्नपत्र हल करने वाले 5,514 विद्यार्थियों की मेरिट सूची बनाई गई। इसके बाद 23 अक्टूबर को लॉटरी के जरिए 102 विजेताओं का चयन किया गया। प्रतियोगिता के लिए 63,736 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 58,099 ने प्रश्नपत्र हल किया। जिलेवार चयन में खंडवा के छह विद्यार्थी पहले स्थान पर हैं। अशोकनगर, बड़वानी, नर्मदापुरम, सिवनी, सिंगरौली और उमरिया के चार-चार विद्यार्थी चुने गए हैं। वहीं, बुरहानपुर, छतरपुर, गुना, झाबुआ, कटनी, मऊगंज, सागर, सतना, श्योपुर और उज्जैन के तीन-तीन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा, परिश्रम और ज्ञान के प्रति समर्पण विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।