समाचार · बिहार
नरकटियागंज में अवैध खनन रोकने पहुंचे एसआई को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास, दो ट्रैक्टर-ट्रेलर जब्त

West Champaran News: नरकटियागंज. पश्चिम चंपारण के शिकारपुर थाना क्षेत्र में अवैध खनन रोकने पहुंचे पुलिस अवर निरीक्षक रामजी पासवान को कथित तौर पर ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया गया. घटना रविवार को नंदपुर खोड़ी चौक के समीप हुई. हालांकि, एसआई बाल-बाल बच गए और ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया. पुलिस ने मौके से भरेट लदे दो ट्रैक्टर-ट्रेलर जब्त किए हैं. फरार चालक और ट्रैक्टर मालिक की पहचान करने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है.
पंडई नदी में अवैध खनन की सूचना पर पहुंची पुलिस
एसआई रामजी पासवान ने बताया कि शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के निर्देश पर वह पंडई नदी में हो रहे अवैध खनन को रोकने पहुंचे थे. इसी दौरान नंदपुर खोड़ी चौक के पास भरेट लदे तीन ट्रैक्टर-ट्रेलर आते दिखाई दिए. उन्होंने चालकों को वाहन रोकने का निर्देश दिया.
दो चालक वाहन छोड़कर फरार, तीसरे पर कुचलने के प्रयास का आरोप
पुलिस के अनुसार, एसआई के रोकने के निर्देश पर दो ट्रैक्टर चालकों ने अपने वाहन रोक दिए और मौके से फरार हो गए. वहीं, तीसरे ट्रैक्टर के चालक पर तेज गति से वाहन चलाकर एसआई को कुचलने का प्रयास करने और ट्रैक्टर लेकर भागने का आरोप है. हालांकि, इस घटना में एसआई को कोई चोट नहीं आई.
मौके से दो ट्रैक्टर-ट्रेलर जब्त
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भरेट लदे दो ट्रैक्टर-ट्रेलर जब्त कर लिए. थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों को नदी किनारे से अवैध रूप से भरेट लादकर ले जाने के मामले में जब्त किया गया है. इस संबंध में खनन विभाग को सूचना दे दी गई है.
फरार चालक और मालिक की पहचान में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि खनन विभाग के अधिकारियों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक और वाहन मालिक की पहचान करने में जुटी है. अवैध खनन रोकने पहुंची पुलिस के साथ हुई इस घटना को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: मां के दर्शन की यात्रा मातम में बदली, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे हादसे में बगहा के दो लोगों की मौत