Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

माधव टाइगर रिजर्व में बाघिन ने 2-शावकों को जन्म दिया:केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दी जानकारी, अब बाघों का कुनबा बढ़कर 11 हुआ

INT News25 October 2026 at 08:49 pm

शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क में बलारपुर इलाके में एक बाघिन ने दो नन्हे शावकों को जन्म दिया है। रविवार शाम केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। अब माधव नेशनल पार्क में बाघों का कुनबा बढ़कर 11 हो गया है। सिंधिया ने अपनी पोस्ट में लिखा कि माधव टाइगर रिजर्व में नन्हे शावकों का आना वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक बड़ी और सुखद कामयाबी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के लगातार प्रयास रंग ला रहे हैं। सिंधिया ने इस सफलता के लिए वन विभाग की टीम और संरक्षण कार्यों में जुटे कर्मचारियों को बधाई दी। पार्क में अब तक 6 शावकों का जन्म जानकारी के मुताबिक, माधव टाइगर रिजर्व में शुरुआत में अलग-अलग समय पर 5 बड़े बाघ-बाघिन लाए गए थे। इसके बाद यहां बाघों का परिवार बढ़ना शुरू हुआ। पहले 4 शावकों के जन्म के बाद अब 2 और नए शावकों के आने से रिजर्व में जन्मे कुल बच्चों की संख्या 6 हो गई है। इस तरह पार्क में अब 5 बड़े बाघ और 6 नन्हे शावक मिलाकर कुल 11 बाघ हो गए हैं। हालांकि, दो साल से लापता एक बाघिन की तलाश में वन विभाग की टीम अब भी जुटी हुई है। बाघों को रास आ रहा शिवपुरी का जंगल माधव नेशनल पार्क में लगातार नए शावकों का जन्म होना इस बात का सबूत है कि शिवपुरी का प्राकृतिक माहौल बाघों के रहने और कुनबा बढ़ाने के लिए पूरी तरह मुफीद है। बाघों की बढ़ती संख्या से इलाके में पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। चूंकि यह टाइगर रिजर्व शिवपुरी शहर की सीमा से सटा हुआ है और कई बार बांकड़े रोड के आसपास बाघों की चहलकदमी देखी गई है, इसलिए पार्क प्रबंधन ने आसपास के ग्रामीणों से सतर्क रहने, जंगल के अंदर न जाने और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।