Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

रायपुर कोर्ट में पुलिस को धक्का देकर भागा गांजा तस्कर:NDPS कोर्ट में पेशी के लिए लाए थे 4 पुलिसकर्मी, सिविल लाइंस थाने में FIR दर्ज

INT News25 October 2026 at 08:37 pm

रायपुर के जिला न्यायालय परिसर में पेशी के लिए लाया गया गांजा तस्करी का आरोपी पुलिस को धक्का देकर फरार हो गया। बिहार निवासी बबलू कुमार राय को 23 अक्टूबर की शाम NDPS कोर्ट में पेश करने ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी को जोरदार धक्का दिया और हाथ से हथकड़ी निकालकर भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने कोर्ट परिसर और आसपास उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। आरक्षक संजय गिरी की शिकायत पर सिविल लाइंस थाने में 24 अक्टूबर को FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है। शाम 5:45 बजे कोर्ट परिसर में हुई घटना FIR के मुताबिक, आरक्षक संजय गिरी रायपुर के सुरक्षित केंद्र में पदस्थ हैं। 23 अक्टूबर को उनकी ड्यूटी गांजा तस्करी के आरोपी बबलू कुमार राय को न्यायालय में पेश करने के लिए लगाई गई थी। SI यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी को लेकर NDPS कोर्ट पहुंची थी। टीम में हेड कांस्टेबल समेत अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे। शाम करीब 5:45 बजे आरोपी को न्यायालय में पेश करने ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने अचानक पुलिसकर्मी को जोरदार धक्का मारा, हथकड़ी हाथ से निकाल ली और भाग गया। पुलिसकर्मियों ने कोर्ट परिसर में उसकी तलाश की। पेशी प्रभारी SI यादव और अन्य स्टाफ ने रेलवे स्टेशन समेत दूसरी जगहों पर भी खोजबीन की, लेकिन आरोपी का पता नहीं चला। DRI ने गांजा तस्करी के मामले में पकड़ा था FIR के अनुसार, बबलू कुमार राय बिहार के वैशाली जिले के राघवपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसे गांजा तस्करी के मामले में DRI की टीम ने पकड़ा था। उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं 8(C), 20(b)(ii)(C), 25 और 29 के तहत केस दर्ज था। इसी मामले में उसे रायपुर सेंट्रल जेल में रखा गया था और पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। आरक्षक संजय गिरी ने आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की लिखित शिकायत दी। इसके आधार पर सिविल लाइंस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262 के तहत 24 अक्टूबर को सुबह 11:50 बजे FIR दर्ज की गई। मामले की जांच हेड कांस्टेबल संतोष झा को सौंपी गई है।