entertainment
बम की धमकी के बाद Jalsa के बाहर आए अमिताभ बच्चन, कड़ी सुरक्षा के बीच फैंस का किया अभिवादन

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) हर रविवार अपने मुंबई स्थित घर जलसा (Jalsa) के बाहर आने वाले फैंस से मुलाकात करते हैं. सालों से चली आ रही इस परंपरा को उन्होंने इस रविवार भी निभाया. अमिताभ घर से बाहर आए, फैंस की तरफ हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया और उन्हें प्यार देने के लिए आभार जताया. इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन (Abhishek Bachchan) भी साथ मौजूद रहे. खास बात यह है कि अमिताभ के घर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के कुछ दिन बाद यह मुलाकात हुई है. सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर मुंबई पुलिस के जवान भी तैनात रहे.
View on Instagram
अमिताभ बच्चन की सुरक्षा में तैनात रही पुलिस
आपको बता दें कि शुक्रवार को मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को एक धमकी भरा ईमेल मिला था. खबरों के मुताबिक, इस ईमेल में अमिताभ बच्चन, गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के साथ शहर के कुछ स्कूलों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई थी.
इसी दिन अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर भी सामने आई. बताया गया कि मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) इलाके के एक स्कूल को यह ईमेल मिला था. मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ऐसे में रविवार को जलसा के बाहर अमिताभ बच्चन अपने खास अंदाज में फैंस का अभिवादन करते नजर आए. उनके आसपास पुलिसकर्मी मौजूद थे, जबकि अभिषेक बच्चन भी अपने पिता के पीछे खड़े होकर भीड़ पर नजर रख रहे थे.
सेहत को लेकर भी अमिताभ ने दी थी जानकारी
बीते कुछ दिनों से अमिताभ बच्चन की सेहत को लेकर भी चर्चा हो रही है. बुधवार को उन्होंने अपने ब्लॉग पर बताया था कि डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने और सेहत में सुधार पर ध्यान देने की सलाह दी है. इसके चलते वह कुछ समय तक सोशल मीडिया पर नियमित रूप से लिख नहीं पाएंगे.
View on Instagram
शुक्रवार को उन्होंने अपने टम्बलर ब्लॉग पर फिर से अपनी सेहत का अपडेट दिया. उन्होंने लिखा कि उन्हें अभी और आराम की जरूरत है और वह अपने शरीर की स्थिति के अनुसार खुद को ढाल रहे हैं.
इससे पहले एक्स पर भी अमिताभ ने डॉक्टरों की सलाह का जिक्र करते हुए कुछ दिनों तक आराम करने की बात कही थी. दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने बताया था कि उन्हें फिलहाल बातचीत से दूर रहने और ठीक होने पर ध्यान देने के सख्त निर्देश मिले हैं.
'कौन बनेगा करोड़पति' होस्ट कर रहे हैं अमिताभ
काम की बात करें तो अमिताभ बच्चन इन दिनों क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' की मेजबानी कर रहे हैं. फिल्मों की बात करें तो वह पिछली बार रजनीकांत की मुख्य भूमिका वाली तमिल फिल्म 'वेट्टैयन' में नजर आए थे.
ये भी पढ़ें: Ramayana के बाद हनुमान जी पर बनेगी अलग फिल्म, सनी देओल को लीड रोल में लेने की तैयारी?