समाचार · दिल्ली
रावण दहन के बाद गाजियाबाद और नोएडा में बढ़ा प्रदूषण, GRAP-1 लागू, जानें किन चीजों पर लगी पाबंदी

Ghaziabad Noida AQI : तापमान में गिरावट के साथ इस सीजन में पहली बार दिल्ली-NCR की हवा खराब और बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है. रावण दहन के बाद गाजियाबाद का AQI 223 और नोएडा का 249 दर्ज किया गया. वहीं, दिल्ली में 245 AQI रिकॉर्ड हुआ, जो पिछले 100 दिनों में सबसे अधिक है. बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए बुधवार से NCR में GRAP-1 लागू कर दिया गया है.
23 अक्टूबर तक खराब रहेगी हवा
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के पूर्वानुमान के अनुसार, 23 अक्टूबर तक दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी रह सकती है. हवा की रफ्तार कम रहने के कारण प्रदूषण की स्थिति प्रतिकूल रहने का अनुमान है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्मॉग बढ़ने से दृश्यता भी कम हुई है.
गाजियाबाद और नोएडा में AQI 200 के पार
रावण दहन के बाद गाजियाबाद में वायु गुणवत्ता सूचकांक 223 और नोएडा में 249 दर्ज किया गया. दोनों शहरों की हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई. दिल्ली में AQI 245 दर्ज हुआ, जो पिछले 100 दिनों में राजधानी का सबसे अधिक स्तर है.
NCR में GRAP-1 लागू
प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए बुधवार से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान यानी GRAP-1 लागू कर दिया गया है. वहीं, कुछ अत्यधिक प्रदूषित इलाकों में नियमों को और सख्त किया गया है. दिल्ली सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए करीब 30 एजेंसियों को 11 सूत्रीय कार्ययोजना पर काम करने की जिम्मेदारी दी है.
होटल-ढाबों में कोयले और लकड़ी के तंदूर पर रोक
नोएडा प्राधिकरण और स्थानीय प्रशासन ने प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए होटल और ढाबों में कोयले या लकड़ी से चलने वाले तंदूर के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है. इसके अलावा सड़कों पर एंटी-स्मॉग गन का इस्तेमाल और निर्माण स्थलों को तिरपाल से ढकना अनिवार्य किया गया है. खुले में कचरा जलाने पर भारी जुर्माने का भी प्रावधान किया गया है.
बिना PUC वाहनों को नहीं मिलेगा ईंधन
प्रदूषण नियंत्रण के तहत वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) के बिना वाहनों को ईंधन नहीं दिया जाएगा. इसके अलावा एक नवंबर से 31 जनवरी तक दिल्ली में BS-6 से नीचे के मानक वाले वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का प्रावधान है.
निर्माण और तोड़फोड़ के काम पर भी पाबंदी
एक नवंबर से 31 दिसंबर तक निर्माण और तोड़फोड़ की गतिविधियों पर रोक रहेगी. प्रतिबंधित अवधि में निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों पर जब्ती की कार्रवाई की जाएगी. एक नवंबर से पार्किंग शुल्क दोगुना करने का भी प्रावधान है. वहीं, 50 फीसदी सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने की व्यवस्था की जाएगी. इसके अलावा 10 दिसंबर से 20 जनवरी तक निर्माण और तोड़फोड़ की गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
इस साल 214 दिन रही साफ हवा
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दावा किया कि इस साल पिछले एक दशक में सबसे ज्यादा 214 दिन हवा साफ रही. इसी वजह से प्रदूषण नियंत्रण के लिए GRAP लागू करने की जरूरत अपेक्षाकृत देर से पड़ी.
पंजाब में पराली जलाने के मामले 400 के पार
पंजाब में अभी तक सिर्फ 18.40 फीसदी क्षेत्र में धान की कटाई पूरी हुई है, लेकिन पराली जलाने के मामले 400 के पार पहुंच गए हैं. पराली जलाने की घटनाएं बढ़ने का असर यलो जोन में पहुंच चुके पंजाब के पांच जिलों के AQI पर भी पड़ा है.
Also Read : पत्नी को ससुराल लेने पहुंचे युवक को जबरन पिलाया केमिकल, अस्पताल मे भर्ती कराकर ससुर, सास और बीबी हुई फरार