national
संसद में आएंगे परिसीमन समेत तीन बिल, दो विधेयक वापस भी लेगी सरकार; जानिए वजह

Parliament Special Session: सोमवार (30 नवंबर) को संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार लोकसभा में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 समेत तीन नए बिल पेश करने की तैयारी में है. इसके साथ ही सरकार पहले से पेश किए गए दो विधेयकों को वापस लेने का प्रस्ताव भी रखेगी. लोकसभा की संशोधित कार्यसूची के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल इन विधेयकों को सदन में पेश करेंगे. हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच मतभेद बने हुए हैं.
लोकसभा में कौन-कौन से तीन बिल पेश होंगे?
लोकसभा की 30 नवंबर की संशोधित कार्यसूची में तीन महत्वपूर्ण विधेयकों को शामिल किया गया है.
संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026
परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026
केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026
कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल संविधान संशोधन और नए परिसीमन विधेयक को पेश करने की अनुमति मांगेंगे. वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्रशासित प्रदेशों से संबंधित संशोधन विधेयक पेश करेंगे. कार्यसूची में तीनों विधेयकों पर विचार और उन्हें पारित करने का प्रस्ताव भी शामिल है.
सरकार दो पुराने विधेयक क्यों लेगी वापस?
नए विधेयकों को पेश करने से पहले सरकार दो पुराने बिल वापस लेना चाहती है. इनमें
केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026
परिसीमन विधेयक, 2026 शामिल हैं.
ये दोनों विधेयक 16 अप्रैल 2026 को लोकसभा में पेश किए गए थे. उस समय इनसे जुड़े संविधान संशोधन प्रस्ताव को जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका था. इसके कारण संबंधित विधेयकों की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई थी. अब सरकार संशोधित प्रावधानों के साथ नए बिल लाने जा रही है.
अमित शाह केंद्रशासित प्रदेशों से जुड़े पुराने विधेयक को वापस लेने का प्रस्ताव रखेंगे.
अर्जुन राम मेघवाल पहले पेश किए गए परिसीमन विधेयक की वापसी के लिए सदन की अनुमति मांगेंगे.
परिसीमन बिल से लोकसभा और विधानसभा की सीटों में क्या बदलाव होगा?
प्रस्तावित परिसीमन व्यवस्था के तहत राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को आवंटित लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि करने की योजना है. इसी अनुपात में राज्य विधानसभाओं की सदस्य संख्या भी बढ़ाने का प्रस्ताव है.
नए परिसीमन विधेयक में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का दोबारा निर्धारण करने की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से जुड़े प्रावधान भी शामिल हैं.
वहीं, केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 के जरिए केंद्रशासित प्रदेश सरकार अधिनियम, 1963, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार अधिनियम, 1991 और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 में बदलाव करने का प्रस्ताव है.
नियम 66 में छूट देने की तैयारी, एक साथ पास हो सकते हैं तीनों बिल
सरकार ने विधेयकों पर विचार और उन्हें पारित कराने की संसदीय प्रक्रिया को लेकर भी तैयारी की है. कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल लोकसभा की कार्यवाही और प्रक्रिया संबंधी नियम 66 के एक प्रावधान को निलंबित करने का प्रस्ताव रखेंगे.
इस नियम के मुताबिक, किसी दूसरे विधेयक पर निर्भर बिल को पहले पेश किया जा सकता है, लेकिन उस पर विचार और उसे पारित करने की प्रक्रिया मूल विधेयक के दोनों सदनों से पारित होने और राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद ही आगे बढ़ सकती है.
DMK समेत तीन दलों के समर्थन से बदला संसदीय गणित
परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती संविधान संशोधन के लिए जरूरी बहुमत जुटाने की है. DMK, YSRCP और NCP-SP की ओर से संशोधित प्रस्तावों के समर्थन के संकेत मिलने के बाद सरकार के पक्ष में लगभग 354 सांसदों का समर्थन होने का अनुमान लगाया जा रहा है. हालांकि अगर लोकसभा के सभी 540 मौजूदा सदस्य मतदान करते हैं, तो संविधान संशोधन के लिए कम से कम 360 वोटों की जरूरत होगी. इस अनुमान के मुताबिक सरकार को छह और सांसदों का समर्थन चाहिए.
DMK ने राज्यों की संसदीय सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव का समर्थन किया है. साथ ही पार्टी ने तमिलनाडु की लोकसभा में मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की मांग की है.
परिसीमन विधेयक: लोकसभा में बहुमत का गणित
परिसीमन को लेकर विपक्ष की क्या आपत्ति है?
INDIA गठबंधन के कई दल परिसीमन को महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया से जोड़ने का विरोध कर रहे हैं. विपक्ष का कहना है कि निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण ताजा जनगणना के आंकड़ों के आधार पर होना चाहिए. केंद्र सरकार के प्रस्ताव में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों के निर्धारण में 2011 की जनगणना को आधार बनाने की बात कही गई है. वहीं, राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के अनुपात को 2051 तक 1971 की आबादी के आधार पर बनाए रखने का प्रस्ताव है.
सुबह 11 बजे शुरू होगी लोकसभा की कार्यवाही
सोमवार को लोकसभा की विशेष बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी. सदन की कार्यवाही की शुरुआत में छह पूर्व सांसदों (सज्जन कुमार, ममताज संघमिता, पी राममूर्ति, विरजीभाई थुम्मर, ऐथाबथुला जोगेश्वर वेंकट बुच्ची महेश्वर राव और प्रकाश मणि त्रिपाठी) को श्रद्धांजलि दी जाएगी. इसके बाद निर्धारित संसदीय कामकाज के तहत विधेयकों की वापसी, नए प्रस्तावों को पेश करने और उन पर विचार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
Also Read: परिसीमन पर कांग्रेस-DMK में नहीं बनी बात, स्टालिन बोले- विधेयक का समर्थन करने के अलावा विकल्प नहीं