समाचार · पंजाब
चंडीगढ़ में 30 नवंबर से वोटर लिस्ट की जांच:मृत और शिफ्ट हो चुके लोगों के नाम हटेंगे, 21 जनवरी को फाइनल सूची आएगी
शहर की वोटर लिस्ट में अब मृत लोगों और स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे। एक से ज्यादा जगह दर्ज नामों को भी हटाया जाएगा। वहीं, नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे। इसके लिए 30 नवंबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) शुरू होगा। निर्वाचन आयोग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। लोग 30 दिसंबर तक वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने, हटवाने या अपनी जानकारी में सुधार कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। नई फाइनल वोटर लिस्ट 21 जनवरी 2027 को जारी होगी। युवाओं को भी पहले से आवेदन करने का मौका
इस बार खास बात यह है कि 2027 में 18 साल के होने वाले युवाओं को भी पहले से आवेदन करने का मौका मिलेगा। एक जनवरी 2027 को 18 साल पूरे करने वाले युवाओं के अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 साल के होने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, उनके नाम उम्र की पात्रता पूरी होने वाली तिमाही में ही जोड़े जाएंगे। वोटर लिस्ट अपडेट करने के निर्देश दिए
भारत निर्वाचन आयोग ने आदेश जारी कर चंडीगढ़ समेत पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर वोटर लिस्ट अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। मतदान केंद्रों की समीक्षा और उनका पुनर्गठन
तय कार्यक्रम के मुताबिक, 20 नवंबर तक मतदान केंद्रों की समीक्षा और उनका पुनर्गठन किया जाएगा। इसके बाद 30 नवंबर को वोटर लिस्ट का प्रारंभिक ड्राफ्ट जारी होगा। लोगों से मिले दावों और आपत्तियों का निपटारा 16 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। एक बूथ पर 1200 से ज्यादा वोटर नहीं होंगे
आयोग के निर्देश के मुताबिक, एक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाता ही होंगे। अगर किसी बूथ पर इससे ज्यादा वोटर हैं तो नया मतदान केंद्र बनाने पर विचार किया जाएगा। इसके लिए आयोग से पहले मंजूरी लेनी होगी। अलग-अलग बूथों में बांटने से भी बचा जाएगा
परिवार के सदस्यों को अलग-अलग बूथों में बांटने से भी बचा जाएगा। एक ही मकान या फ्लैट में रहने वाले परिवार के सभी सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र और एक ही हिस्से में रखने की कोशिश होगी। इसी तरह एक बिल्डिंग, टावर, गली और कॉलोनी के वोटरों को भी एक साथ रखा जाएगा। पहचान पत्र में पते की जानकारी
वोटर लिस्ट और पहचान पत्र में पते की जानकारी भी एक जैसी की जाएगी। इसके लिए मकान नंबर, फ्लोर, ब्लॉक, टावर, सेक्टर, वार्ड, सड़क, शहर, जिला और पिन कोड जैसे विवरण को सही तरीके से दर्ज किया जाएगा। नाम जुड़वाने से लेकर सुधार तक के लिए अलग-अलग फॉर्म
पहली बार वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। विदेश में रहने वाले भारतीयों के लिए फॉर्म-6ए होगा। किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने या वोटर लिस्ट से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 भरना होगा। वहीं, पता बदलने, नाम या दूसरी जानकारी में सुधार, नया वोटर कार्ड बनवाने या दिव्यांगता से जुड़ी जानकारी दर्ज कराने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। वोटर लिस्ट में जोड़ने से मना नहीं किया जा सकेगा
लोग ऑनलाइन भी आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और ECINET ऐप पर सुविधा मिलेगी। आधार देना जरूरी नहीं है, यह पूरी तरह स्वैच्छिक रहेगा। आधार कार्ड नहीं होने या नहीं देने के आधार पर किसी का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने से मना नहीं किया जा सकेगा और न ही पहले से दर्ज नाम हटाया जा सकेगा। किसी का नाम हटाने से पहले नोटिस और सुनवाई होगी
वोटर लिस्ट से किसी का नाम हटाने के लिए भी जांच की व्यवस्था रहेगी। अगर किसी बूथ के कुल वोटरों के 2% से ज्यादा नाम हटाने के आवेदन आते हैं तो निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी (ERO) खुद जांच करेंगे। इसी तरह अगर एक व्यक्ति पांच से ज्यादा नाम हटाने की आपत्तियां देता है तो भी व्यक्तिगत सत्यापन किया जाएगा। किसी जीवित मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे नोटिस देना और अपना पक्ष रखने का मौका देना जरूरी होगा। अधिकारी को नाम हटाने का कारण बताते हुए आदेश जारी करना होगा और उसे ECINET पर अपलोड करना होगा। राजनीतिक दल हर मतदान केंद्र पर अपना बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त कर सकेंगे। ये एजेंट रोजाना अधिकतम 10 आवेदन बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को दे पाएंगे।