समाचार · मध्य प्रदेश
मोहन बड़ोदिया-आगर मार्ग की हालत खराब:डामर रोड के साइड मिट्टी बही; हादसे की आंशका, ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की मांग
शाजापुर जिले में मोहन बड़ोदिया से आगर-सारंगपुर मार्ग की हालत बहुत खराब है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं और डामर भी उखड़ गया है। इससे वाहन खराब हो रहे हैं और लोगों को सफर में ज्यादा समय लग रहा है। स्थानीय निवासी रविशंकर वर्मा ने बताया कि सड़क के दोनों ओर पटरी पर मिट्टी का भराव नहीं है। इस वजह से साइड देते समय वाहनों का संतुलन बिगड़ रहा है और हादसे हो रहे हैं। सड़क संकरी होने के कारण टूटी हुई पटरी हादसों की वजह बन रही है। वर्मा ने यह भी बताया कि सड़क किनारे पेड़ों की टहनियों की कटाई भी नहीं हो रही है, जिससे आने-जाने में और दिक्कत हो रही है। इस मार्ग का निर्माण साल 2004-2005 में हुआ था। इसके बाद सिर्फ पैच वर्क ही किया गया है। जानकारी के मुताबिक, पिछले डेढ़ महीने में इस मार्ग पर 20 से ज्यादा हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने अभी तक इस पर कोई ध्यान नहीं दिया है।