समाचार · उत्तर प्रदेश
50 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, यूपी में फिर बदलेगा मौसम, बारिश को लेकर IMD का अलर्ट, जानें किन जिलों पर होगा असर

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में गुलाबी ठंड के बीच एक बार फिर मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में 28 अक्टूबर से बेमौसम बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.
बंगाल की खाड़ी में बने Low Pressure Area का दिखेगा असर
प्रादेशिक मौसम केंद्र, लखनऊ के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने Low Pressure Area का प्रभाव उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ सकता है. इसके अलावा उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इन मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदेश में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
28 अक्टूबर को इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मौसम बदल सकता है. सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, गाजीपुर और बलिया समेत आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ जगहों पर बिजली गिरने और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी आशंका है. ऐसे में लोगों को मौसम के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है.
29 अक्टूबर को भी जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 29 अक्टूबर को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना है. सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया में भारी बारिश की आशंका जताई गई है.
इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर समेत अन्य इलाकों में भी बारिश हो सकती है.
50 KM/H तक चल सकती हैं तेज हवाएं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में 28 और 29 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और कुछ समय में इनके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है. इन मौसमी गतिविधियों को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
बारिश और आकाशीय बिजली से बचने के लिए बरतें सावधानी
मौसम खराब होने पर लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए.
गरज-चमक के दौरान खुले मैदान में खड़े होने से बचें.
बिजली कड़कने पर पेड़ों, बिजली के खंभों और ट्रांसफॉर्मर से दूर रहें.
तेज हवाओं के दौरान कमजोर ढांचों और होर्डिंग के पास खड़े न हों.
यात्रा पर निकलने से पहले अपने जिले का मौसम अपडेट जरूर देख लें.
क्या है मौसम विभाग का अलर्ट?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है. सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया समेत कई जिलों में मौसम प्रभावित हो सकता है. लोगों को सलाह है कि स्थानीय मौसम चेतावनी पर नजर रखें और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें.
Also Read : आखिर कैसे उजड़ गई हंसती-खेलती दुनिया,कौशांबी में शॉर्ट सर्किट से हुई 3 महीने की बच्ची की मौत पर उठे सवाल