समाचार · बिहार
सारण के खराटी गांव में आज होगी बुढ़िया माई की विशेष पूजा, 2100 महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा

सारण जिले के तरैया प्रखंड की तरैया-चैनपुर पंचायत सीमा पर स्थित खराटी गांव में तीन वर्षों पर आयोजित होने वाली बुढ़िया माई की विशेष पूजा सोमवार को होगी. पूजा को लेकर रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गयी, जिसमें 2100 महिलाएं और युवतियां शामिल हुईं. गाजे-बाजे, रथ और घोड़ों के साथ निकली इस यात्रा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया. पूजा समिति के अनुसार, इस विशेष आयोजन में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.
2100 महिलाओं और युवतियों ने निकाली कलश यात्रा
कलश यात्रा का शुभारंभ बुढ़िया माई स्थान स्थित यज्ञ स्थल से हुआ. कलश वितरण समारोह का उद्घाटन तरैया विधायक जनक सिंह ने श्रद्धालुओं के बीच कलश वितरित कर किया. इसके बाद रंग-बिरंगे परिधानों में सजी 2100 महिलाएं और युवतियां कलश लेकर यात्रा में शामिल हुईं.
करीब तीन किलोमीटर लंबी कतार में निकली कलश यात्रा तरैया-उसरी मुख्य सड़क होते हुए पानापुर प्रखंड के प्रसिद्ध तीर्थस्थल मथुरा धाम पहुंची. वहां आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंडक नदी से पवित्र जल भरा गया. इसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर पूजा स्थल की ओर रवाना हुए. यात्रा के दौरान जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा.
तीन वर्षों पर होती है बुढ़िया माई की पूजा
बुढ़िया माई पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि पर खराटी स्थित बुढ़िया माई स्थान में कई दशकों से प्रत्येक तीन वर्ष पर पूजा आयोजित की जाती है. इस बार पूजा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.
आयोजन में खराटी, चैनपुर और आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग पहुंच रहे हैं. सिलीगुड़ी, कोलकाता और असम समेत दूसरे राज्यों में रहने वाले कई श्रद्धालु भी रोजी-रोजगार से समय निकालकर अपने गांव पहुंचे हैं.
मन्नत पूरी होने पर चढ़ाते हैं पान, फूल और लुचुई-पूरी
स्थानीय मान्यता है कि बुढ़िया माई के दरबार में सच्चे मन से मन्नत मांगने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामना पूरी होती है. मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु पान का पत्ता, फूल, कसैली, अंकुरित चना और लुचुई-पूरी चढ़ाकर पूजा-अर्चना करते हैं.
श्रद्धालु इस विशेष पूजा का तीन वर्षों तक इंतजार करते हैं. पूजा समिति के अनुसार, मन्नत मांगने और मनोकामना पूरी होने पर चढ़ावा अर्पित करने के लिए 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.
कलश यात्रा में शामिल हुए जनप्रतिनिधि और समिति के सदस्य
कलश यात्रा में तरैया विधायक जनक सिंह, जिला पार्षद हरिशंकर सिंह, तरैया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू, बीस सूत्री अध्यक्ष मेवालाल सहनी, भाजपा अध्यक्ष अनिल सिंह, उज्ज्वल सिंह, सरपंच प्रतिनिधि शत्रुघ्न महतो, मुखिया प्रतिनिधि अनिल यादव, उपेंद्र सिंह, कामेश्वर प्रसाद गुप्ता, राजकुमार सिंह, लालबाबू साह और उमाशंकर सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि व बुढ़िया माई पूजा समिति के सदस्य शामिल हुए.