समाचार · पंजाब
लुधियाना-पेट्रोल पंप के बाथरूम में मिला युवक का शव:दरवाजा तोड़कर निकाला, नशे की ओवरडोज की आशंका; पहचान न होने से 72 घंटे मोर्चरी में ऱखवाया
शहर के ताजपुर रोड (थाना डिवीजन नंबर-7 क्षेत्र) स्थित एक पेट्रोल पंप के बाथरूम से शनिवार सुबह एक 30 से 35 वर्ष के अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अंदर से बंद था दरवाजा, तोड़कर निकाला शव पेट्रोल पंप के मालिक जसवीर सिंह ने बताया कि युवक शुक्रवार देर रात पंप के बाथरूम में गया था। शनिवार सुबह जब कर्मचारियों ने बाथरूम का इस्तेमाल करने के लिए दरवाजा खोलने की कोशिश की तो वह अंदर से बंद मिला। काफी देर तक खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर युवक बेसुध हालत में पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी। बाथरूम से मिली नशे से जुड़ी सामग्री पंप मालिक के अनुसार, घटना स्थल (बाथरूम) से नशे से संबंधित कुछ संदिग्ध सामग्री भी बरामद हुई है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई हो सकती है, हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखा गया शव सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी संधू ने बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। शव को 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।