समाचार · हरियाणा
नारनौल में ट्यूबवेल से कंट्रोलर और 150 फीट केबल चोरी:किसान को हजारों रुपए का नुकसान, अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस
हरियाणा में नारनौल के निजामपुर थाना क्षेत्र के गांव धौलेड़ा में चोर एक किसान के खेत में लगे सोलर ट्यूबवेल से कंट्रोलर और मोटर तक जाने वाली करीब 150 फीट केबल चोरी कर ले गए। किसान ने अपने स्तर पर सामान की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव धौलेड़ा निवासी राजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि उसने अपने खेत में सिंचाई के लिए सोलर ऊर्जा से चलने वाला ट्यूबवेल लगा रखा है। बीते दिनों अज्ञात चोर उसके ट्यूबवेल से सोलर कंट्रोलर चोरी कर ले गए। यह कंट्रोलर ओजवाल कंपनी का था। चोर कंट्रोलर के साथ मोटर तक जाने वाली करीब 150 फीट केबल भी ले गए। इससे उसको हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। सामान को काफी तलाशा किसान के अनुसार, घटना का पता चलने के बाद उसने चोरी हुए सामान की अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कंट्रोलर और केबल का कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद 24 अक्टूबर को उसने निजामपुर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी और अज्ञात चोर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा चोरी हुआ सामान बरामद करवाने की मांग की। पुलिस ने किया केस दर्ज शिकायत के आधार पर निजामपुर थाना पुलिस ने 24 अक्टूबर को अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज किया है। जिसके बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई।