Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

वैशाली एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों की बदली टाइमिंग, 28 अक्टूबर से लागू होगा नया शेड्यूल

INT News25 October 2026 at 12:48 pm

Vaishali Express New Timing 2026 : पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने परिचालनिक सुगमता के उद्देश्य से वैशाली एक्सप्रेस समेत कई एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में संशोधन किया है. बदला हुआ समय 28 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 23 दिसंबर 2026 से अलग-अलग ट्रेनों पर लागू होगा. रेलवे ने यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन का संशोधित समय जांच लेने की सलाह दी है.

पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी.

28 अक्टूबर से बदलेगा वैशाली एक्सप्रेस का समय

रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 15565 ललितग्राम-नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस 28 अक्टूबर 2026 से गाजियाबाद स्टेशन से सुबह 6 बजे प्रस्थान करेगी. इसके बाद ट्रेन सुबह 6.45 बजे नई दिल्ली स्टेशन पहुंचेगी. यात्रियों को नए समय के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है.

आजमगढ़-दिल्ली और बठिंडा-गोरखपुर एक्सप्रेस की टाइमिंग भी बदली

28 अक्टूबर 2026 से ट्रेन संख्या 12225 आजमगढ़-दिल्ली एक्सप्रेस गाजियाबाद स्टेशन से सुबह 6.40 बजे प्रस्थान करेगी और सुबह 7.25 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी. वहीं, ट्रेन संख्या 12556 बठिंडा-गोरखपुर एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल स्टेशन से तड़के 3.10 बजे प्रस्थान करेगी.

30 अक्टूबर से इन ट्रेनों के समय में संशोधन

30 अक्टूबर 2026 से ट्रेन संख्या 22420 आनंद विहार टर्मिनस-गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव होगा. यह ट्रेन जौनपुर से सुबह 7.30 बजे, डोभी से 8.05 बजे और औंड़िहार से 8.25 बजे प्रस्थान करेगी. ट्रेन के गाजीपुर सिटी पहुंचने का समय सुबह 9.15 बजे निर्धारित किया गया है.

इसी तारीख से ट्रेन संख्या 12557 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस आनंद विहार टर्मिनस स्टेशन पर सुबह 7.45 बजे पहुंचेगी. वहीं, ट्रेन संख्या 22419 गाजीपुर सिटी-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस गाजियाबाद स्टेशन से सुबह 7.25 बजे प्रस्थान करेगी और सुबह 8.05 बजे आनंद विहार टर्मिनस पहुंचेगी.

दिसंबर से भी कई ट्रेनों की बदलेगी टाइमिंग

23 दिसंबर 2026 से ट्रेन संख्या 20104 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस ऐशबाग स्टेशन से तड़के 4.13 बजे प्रस्थान करेगी.

इसी तारीख से ट्रेन संख्या 15119 बनारस-देहरादून एक्सप्रेस बनारस स्टेशन से सुबह 8.30 बजे खुलेगी. यह ट्रेन सेवापुरी से सुबह 8.57 बजे, परसीपुर से 9.11 बजे, भदोही से 9.21 बजे, मोठ से 9.31 बजे, सुरियावां से 9.40 बजे और जंघई से सुबह 10 बजे प्रस्थान करेगी.

वहीं, ट्रेन संख्या 12562 नई दिल्ली-जयनगर एक्सप्रेस प्रयागराज जंक्शन से सुबह 5.35 बजे और ज्ञानपुर रोड स्टेशन से सुबह 7 बजे प्रस्थान करेगी.

अन्य स्टेशनों पर समय और ठहराव रहेंगे यथावत

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, ट्रेनों के समय में किए गए संशोधन संबंधित तिथियों से लागू होंगे. इन ट्रेनों के अन्य स्टेशनों पर ठहराव और समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है. यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक सूचना के माध्यम से अपनी ट्रेन का समय जांच लेने की सलाह दी गई है.

Also Read : सीवान के सरकारी स्कूलों में अब दो पालियों में होगी पढ़ाई, कक्षा 1 से 12वीं तक का समय निर्धारित