Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ट्रक पर चढ़ते समय नीचे गिरा मजदूर, पैर कुचला:शिवपुरी में नो एंट्री जोन पुलिस चौकी के सामने हादसा; जिला अस्पताल रेफर

INT News25 October 2026 at 12:41 pm

शिवपुरी शहर के फतेहपुर इलाके में रविवार को पुलिस चौकी के सामने नो एंट्री के दौरान ईंटों से भरे ट्रक की चपेट में आने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक पर चढ़ने की कोशिश के दौरान युवक का हाथ छूट गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान ट्रक का पहिया उसके पैर पर चढ़ गया। घायल को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना फतेहपुर पुलिस चौकी के तिराहे की है। जानकारी के मुताबिक, ईंटों से भरा ट्रक क्रमांक UP78 DH1927 नो एंट्री के समय थीम रोड स्थित फॉरेस्ट चौकी से फतेहपुर की ओर जाने वाली सड़क से शहर में दाखिल हो गया था। ट्रक जैसे ही फतेहपुर पुलिस चौकी के तिराहे पर पहुंचा, तभी राजेंद्र आदिवासी निवासी गौशाला ने ट्रक पर चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान उसका हाथ छूट गया और वह नीचे गिर पड़ा। ट्रक का पहिया उसके पैर पर चढ़ने से पैर बुरी तरह कुचल गया। घटना के तत्काल बाद घायल को ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि राजेंद्र ईंट उतारने की मजदूरी करता है। नो एंट्री में भारी वाहनों की आवाजाही से खतरा

शहर में नो एंट्री के दौरान भी भारी वाहनों के प्रवेश की शिकायतें सामने आती रहती हैं। फतेहपुर पुलिस चौकी के सामने हुई यह घटना नो एंट्री व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े करती है। भारी वाहनों की आवाजाही से व्यस्त सड़कों पर हादसों का खतरा बना रहता है। हाल ही में ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास नो एंट्री जोन में ट्रक से हुए हादसे में एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जान जाने की घटना भी सामने आई थी। ऐसे में शिवपुरी में नो एंट्री के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती और निगरानी की जरूरत फिर सामने आई है।