Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ग्वालियर में 2.57 लाख की ठगी का पाकिस्तानी कनेक्शन:सोशल मीडिया पर दोस्ती कर सस्ते सोने का लालच दिया; एयरपोर्ट पर फंसने का बहाना बनाया

INT News25 October 2026 at 12:47 pm

ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर दोस्ती कर एक शादीशुदा महिला से 2 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पाकिस्तान के कंट्री कोड (+92) वाले नंबर से महिला को कॉल किया। पहले सोना गिफ्ट करने का झांसा दिया, फिर खुद को मुंबई एयरपोर्ट पर फंसा बताकर रुपए मांगे। महिला ने अलग-अलग दुकानों के QR कोड पर 12 ट्रांजेक्शन में रुपए भेज दिए। यह मामला 3 और 4 अक्टूबर 2026 का है। आरोपी ने 2 लाख रुपए लेने के बाद भी महिला से और रुपए मांगे, तब उसे ठगी का अहसास हुआ। महिला ने पति को जानकारी दी और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। शनिवार रात को मुरार थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पाकिस्तान के नंबर से आया फोन, ऐसे शुरू हुई दोस्ती गेरू वाले बंगले के पास त्यागी नगर, मुरार की रहने वाली 25 वर्षीय गजल बाथम से सोशल मीडिया पर एक अनजान व्यक्ति कुछ दिनों से कमेंट कर रहा था। 3 अक्टूबर 2026 को गजल के मोबाइल पर पाकिस्तान के कंट्री कोड (+92) वाले अनजान नंबर से कॉल आया। गजल को पता नहीं था कि यह पाकिस्तान का नंबर है। कॉल करने वाले ने खुद को विदेशी नागरिक बताया। उसने मीठी बातें करके गजल से दोस्ती की और सामान्य बातचीत शुरू कर दी। सोना गिफ्ट करने का दिया झांसा 4 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे आरोपी ने दोबारा फोन किया। उसने पहले गजल से आधार कार्ड मांगा। गजल ने आधार कार्ड देने से मना कर दिया, तो आरोपी ने दोस्ती का भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह उन्हें भारी मात्रा में सोना गिफ्ट करना चाहता है और खुद लेकर आ रहा है। मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़े जाने की कहानी सुनाई सोना गिफ्ट करने की बात कहने के कुछ देर बाद आरोपी ने घबराए हुए लहजे में फोन किया। उसने कहा कि वह सोना लेकर आ रहा था, लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पर एयरफोर्स और सुरक्षा एजेंसियों ने उसे पकड़ लिया है। आरोपी ने दावा किया कि अधिकारियों ने उसे छोड़ने के लिए 2 लाख रुपए मांगे हैं। उसने यह भी कहा कि उसके पास 20 लाख रुपए का सोना है। 12 ट्रांजेक्शन में भेजे 2 लाख रुपए आरोपी के झांसे में आकर गजल ने रुपए भेजने शुरू कर दिए। आरोपी ने अलग-अलग दुकानों के ऑनलाइन QR कोड भेजे, जिन पर गजल ने 12 बार में कुल 2 लाख रुपए ट्रांसफर किए। रकम इस तरह भेजी गई: 19 हजार, 20 हजार, 25 हजार, 15 हजार, 20 हजार, 1 हजार, 15 हजार, 5 हजार, 10 हजार, 36 हजार, 20 हजार और 9 हजार रुपए। और रुपए मांगे तो पति को बताई बात 2 लाख रुपए लेने के बाद भी आरोपी ने और रुपए मांगने शुरू कर दिए। गजल ने पैसे नहीं होने की बात कही, लेकिन आरोपी लगातार फोन कर परेशान करने लगा। इसके बाद गजल ने अपने पति को पूरी घटना बताई। ठगी का अहसास होने पर साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने दर्ज किया केस, खातों की जांच जारी मुरार थाना प्रभारी गोविंद बगोली ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। जिन खातों और ऑनलाइन QR कोड के जरिए रुपए ट्रांसफर किए गए, उनकी बैंक और तकनीकी जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।