national · राजस्थान
Cyclone Arnab: आंध्र के बाद छत्तीसगढ़ में अर्नब का असर, खेतों में बिछी धान की फसल; राजस्थान के 5 इलाकों में आंधी-बारिश

Cyclone Arnab: आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में नुकसान पहुंचाने के बाद चक्रवात अर्नब का असर अब छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है. पिछले दो दिनों से राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं. इसका सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है. कटाई के लिए तैयार धान की फसल खेतों में गिर गई है, जबकि कई जगह पानी भरने से नुकसान की चिंता बढ़ गई है. दूसरी ओर, राजस्थान में भी मौसम करवट ले रहा है. मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर तक जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है.
छत्तीसगढ़ में किसानों पर मौसम की मार, खेतों में बिछी धान की फसल
चक्रवात अर्नब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के बस्तर, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिला है. किसानों के मुताबिक, खेतों में पककर तैयार धान की फसल हवा के झोंकों के कारण जमीन पर गिर गई है.
कई खेतों में जलभराव होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है. कटाई से ठीक पहले मौसम बिगड़ने के कारण फसल की गुणवत्ता और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है. किसानों को डर है कि अगर बारिश जारी रही, तो खेतों में गिरी धान की बालियों को और नुकसान हो सकता है.
?ref_src=twsrc%5Etfw">
कमजोर पड़ गया अर्नब, अब छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आसपास असर
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात अर्नब की ताकत लगातार कम हो रही है. गुरुवार (29 अक्तूबर) की सुबह यह कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल गया था. हालांकि, चक्रवात के कमजोर होने के बाद भी कुछ क्षेत्रों में बारिश का खतरा बना हुआ है.
राजस्थान के 5 इलाकों में आंधी-बारिश का खतरा, जयपुर-भरतपुर पर ज्यादा असर
छत्तीसगढ़ में अर्नब के प्रभाव के बीच राजस्थान में भी मौसम बदल गया है. मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक- पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में 30 अक्टूबर तक बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
जयपुर और भरतपुर इलाकों में मौसम का असर अधिक रहने का अनुमान है. अजमेर क्षेत्र के कई हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा उदयपुर और कोटा में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की चेतावनी दी गई है.
राजस्थान में अचानक क्यों बदल रहा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में बदलाव की मुख्य वजह उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हुआ नया पश्चिमी विक्षोभ है. इसके साथ पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है. इन मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से पूर्वी राजस्थान में बादल छाने और बारिश की परिस्थितियां बनी हैं.
40 से 50 KM की रफ्तार से हवाएं, ओलावृष्टि की भी आशंका
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजस्थान के प्रभावित इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है. मौसम में इस बदलाव से अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.
Also Read: Aaj Ka Mausam: अर्नब पड़ा कमजोर, दिल्ली-UP-बिहार से लेकर झारखंड समेत 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट