समाचार · उत्तर प्रदेश
UP Liquor Sale: दीपावली की खुशी में जमकर छलके जाम, आगरा में शराब बिक्री ने तोड़ा रिकॉर्ड, दुकानों से गायब हुए महंगे ब्रांड

UP Liquor Sale: दीपावली पर आगरा में शराब की बिक्री ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया. त्योहार के दिन शराब के शौकीनों ने जमकर खरीदारी की और एक ही दिन में जिले में आठ करोड़ रुपये की शराब बिक गई. पिछले साल इसी मौके पर छह करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई थी. इस बार बिक्री में दो करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई. आबकारी विभाग के मुताबिक, दीपावली पर एक दिन में हुई यह अब तक की सबसे अधिक बिक्री है.
रोजाना पांच करोड़ की होती है बिक्री
आगरा में आम दिनों में शराब की दुकानों पर करीब पांच करोड़ रुपये की बिक्री होती है. हालांकि दीपावली और होली जैसे त्योहारों पर मांग अचानक बढ़ जाती है. इस बार भी त्योहार का असर बाजार में साफ दिखाई दिया. शाम होते-होते दुकानों पर खरीदारों की भीड़ बढ़ गई और शराब की बिक्री ने तेजी पकड़ ली.
महंगी और मिड रेंज शराब की सबसे ज्यादा मांग
इस साल दीपावली पर महंगे और मध्यम कीमत वाले ब्रांड की शराब लोगों की पहली पसंद रहे. मांग इतनी अधिक रही कि शाम तक जिले की करीब 75 प्रतिशत दुकानों में इन ब्रांड की शराब का स्टॉक कम पड़ गया. कई दुकानों पर शराब खत्म होने के बाद स्टॉक उपलब्ध नहीं होने का बोर्ड तक लगाना पड़ा.
आबकारी विभाग ने बताई बिक्री की वजह
जिला आबकारी अधिकारी केपी यादव के मुताबिक, इस बार दीपावली पर जिले में आठ करोड़ रुपये की शराब बिकी है. पिछले साल यह आंकड़ा छह करोड़ रुपये था. उन्होंने बताया कि त्योहार के दिन शराब की मांग काफी बढ़ गई थी. इसी वजह से कई दुकानों पर शाम तक महंगे और मध्यम कीमत वाले ब्रांड का स्टॉक खत्म हो गया.
आबकारी विभाग का 2300 करोड़ रुपये का लक्ष्य
चालू वित्तीय वर्ष में आबकारी विभाग ने 2300 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाने का लक्ष्य रखा है. अब तक इस लक्ष्य का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा प्राप्त हो चुका है. विभाग को उम्मीद है कि आने वाले महीनों में शराब की बिक्री के जरिए राजस्व में और बढ़ोतरी होगी.
कुछ दुकानों पर बोतल के ज्यादा पैसे वसूलने की शिकायत
रिकॉर्ड बिक्री के बीच शराब की कुछ दुकानों पर ग्राहकों से तय कीमत से अधिक पैसे लेने की बात भी सामने आई. आरोप है कि दुकानदारों ने प्रति बोतल 10 से 15 रुपये अतिरिक्त वसूले. हालांकि, आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस संबंध में किसी ग्राहक ने अब तक आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है.
Must Read: Dev Deepawali 2026: 24 नवंबर को 11 लाख दीपों के सैलाब से जगमगाएगी काशी, लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी सहित होंगे कई खास आयोजन