समाचार · मध्य प्रदेश
पटवारी बोले-शराब तस्करी में 163 केस, कार्रवाई सिर्फ ड्राइवर-क्लीनर पर:PCC चीफ ने सवाल उठाए; पूछा-फैक्ट्री मालिक और सरगना क्यों बचे?
मध्य प्रदेश में शराब तस्करी को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मोहन यादव सरकार और आबकारी विभाग पर सवाल उठाए हैं। पटवारी ने आरोप लगाया कि गुजरात से लगे बड़वानी, झाबुआ और धार जिलों में शराब तस्करी के 163 मामले दर्ज हुए, लेकिन कार्रवाई केवल शराब ढोने वाले ड्राइवर और क्लीनर तक सीमित रही। उन्होंने सवाल उठाया कि शराब बनाने वाली फैक्ट्रियों, वेयरहाउस मालिकों और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रदेश में शराब तस्करी का मामला हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को संबोधित करते हुए पूछा कि शराब की बोतलें ढोने वाले ड्राइवर-क्लीनर तो पकड़ में आ जाते हैं, लेकिन शराब बनाने वाली फैक्ट्रियों के मालिक और तस्करी के असली सरगनाओं तक जांच क्यों नहीं पहुंचती? राजस्व नुकसान और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल पटवारी ने आरोप लगाया कि शराब की अवैध तस्करी से प्रदेश के राजस्व को हर साल करोड़ों रुपए का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि इससे कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। पटवारी ने भाजपा सरकार से पूछा कि शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई करने के बजाय केवल परिवहन करने वालों तक कार्रवाई क्यों सीमित है। हाईकोर्ट में 18 नवंबर को सुनवाई गुजरात से लगे तीन जिलों में शराब तस्करी के 163 मामलों और जांच के दायरे को लेकर दायर जनहित याचिका पर इंदौर हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 18 नवंबर को निर्धारित है। याचिका में शराब के स्रोत, फैक्टरी, वेयरहाउस और सप्लाई नेटवर्क की जांच कराने की मांग की गई है।