समाचार · पंजाब
तरनतारन में पनबस-पीआरटीसी कर्मियों का प्रदर्शन:16 नवंबर से प्रदेशव्यापी हड़ताल का किया ऐलान; कहा-सरकार वादाखिलाफी कर रही
पंजाब रोडवेज पनबस/पीआरटीसी कांट्रेक्ट वर्कर्स यूनियन पंजाब 25/11 ने 10 नवंबर को प्रदेश के विभिन्न डिपो के गेटों पर रैलियां कर पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। यूनियन ने मांगें पूरी नहीं होने पर 16 नवंबर से हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी। पट्टी डिपो में आयोजित रैली के दौरान डिपो उपप्रधान सतनाम सिंह जोणेके ने कहा कि कर्मचारियों की सरकार के साथ 65 से 70 बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन हर बार आश्वासन मिलने के बावजूद मांगों का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पनबस में 12 साल से कांट्रेक्ट पर काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित करने में देरी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की ओर से कच्चे कर्मचारियों को ऑफर लेटर देने के बावजूद किसी को भी कांट्रेक्ट पर भर्ती नहीं किया गया। 14 अगस्त 2026 के एक्ट नंबर 10 के तहत आउटसोर्स कर्मचारियों को विभाग के अधीन कांट्रेक्ट पर रखने की प्रक्रिया भी लंबित है। परिवहन मंत्री के निर्देशों के बावजूद संबंधित अधिकारी फाइलें पर्सनल विभाग को नहीं भेज रहे। यूनियन नेता वजीर सिंह ने कहा कि परिवहन, पर्सनल और वित्त विभाग की मंजूरी के बाद तैयार किए गए सर्विस रूल कैबिनेट में पास नहीं किए जा रहे। 29 अक्टूबर की बैठक में दो दिन के भीतर मांगों के समाधान और 31 अक्टूबर की कैबिनेट बैठक में नियमों को मंजूरी देने का भरोसा दिया गया था, लेकिन इस पर कार्रवाई नहीं हुई। 16 नवंबर से हड़ताल का ऐलान यूनियन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 16 नवंबर से हड़ताल की जाएगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के आवास का घेराव भी किया जाएगा। ये रहे मौजूद इस मौके पर लव दासूवाल, मनजीत सिंह, लवप्रीत सिंह, बलजिंदर सिंह, जसविंदर सिंह, रविंदर सिंह फौजी, सुखप्रीत सिंह, गगनदीप सिंह, सुखवंत सिंह, लखविंदर सिंह, मनिंदर सिंह मिंदा, सुखप्रीत सुखा मैकेनिक बरगाड़ी सहित बड़ी संख्या में यूनियन नेता और कर्मचारी उपस्थित थे।