समाचार · मध्य प्रदेश
मंत्री सारंग बोले-आतंकी हमलों पर सोनिया को रोना नहीं आया:किताब विवाद पर दिग्विजय का जवाब- बीजेपी बेकार की बातें कर रही
कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक 'बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव' को लेकर मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने किताब को नेहरू परिवार की छवि सुधारने का असफल प्रयास और पब्लिसिटी स्टंट बताया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा नेताओं की टिप्पणियों को बेकार की बातें बताते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने इस पुस्तक में अपने जीवन और विचारधारा को सामने रखा है। मंत्री विश्वास सारंग ने सोनिया गांधी के बाबरी मस्जिद विध्वंस के दौरान भावुक होने के उल्लेख पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब बाबरी ढांचा गिराया गया तो सोनिया गांधी की आंखों में आंसू थे, लेकिन निहत्थे कार सेवकों पर गोली चलने और पुलवामा व मुंबई आतंकी हमलों में सैनिकों तथा आम नागरिकों की मौत पर उनकी संवेदना कहां थी? सारंग ने आरोप लगाया कि किताब में नेहरू परिवार की गलतियों को छिपाने के लिए भ्रामक तथ्य पेश किए गए हैं। नेहरू परिवार की गलतियों पर पर्दा डालने की कोशिश सारंग ने कहा- अब यही दिन बचे हैं कि विदेशी मूल की एक महिला, जो पीछे के दरवाजे से प्रधानमंत्री की कुर्सी हथियाना चाहती थी, वह आज हिंदुस्तान के बारे में बता रही है। सोनिया जी ने जिन-जिन तथ्यों का जिक्र किया है, वे सभी नेहरू परिवार की गलतियां थीं। नेहरू परिवार की गलतियों पर पर्दा डालने के लिए गलत बयानी करना और किताबों में गलत तथ्य देना, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा।" बाबरी पर आंसू आए, कार सेवकों पर गोली चली तो कहां थे? मंत्री सारंग ने कहा- सोनिया जी कह रही हैं कि बाबरी मस्जिद टूटी तो उनकी आंखों में आंसू थे। लेकिन जब निहत्थे कार सेवकों को गोली मार दी गई, तब वह नहीं रोईं। उन्हें उस समय दुख नहीं हुआ। पुलवामा, मुंबई या दूसरी आतंकी घटनाओं में हमारे सैनिक शहीद हुए, आम जनता की जान गई, तब सोनिया जी को रोना नहीं आया। उनके आंसू उस समय कहां गए थे?" सिखों की हत्या पर क्यों नहीं रोईं सोनिया? विश्वास सारंग ने कहा- वे कह रही हैं कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान वह रोने लगी थीं। लेकिन जब इंदिरा जी की मृत्यु हुई, तब हजारों सिखों को मार दिया गया। उस समय राजीव गांधी ने कहा था कि एक बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है। निहत्थे सिखों को मार दिया गया था, तब सोनिया जी को रोना नहीं आया। उन्होंने सिखों की हत्या के लिए संजय गांधी को जिम्मेदार बता दिया। बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा बोले- यह कथा-व्यथा नहीं, कांग्रेस का प्रोपेगैंडा है बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा- सोनिया गांधी की यह किताब कथा है, व्यथा है या कांग्रेस की कोई नई मुसीबत, यह तो वही जानें, लेकिन हकीकत में यह केवल प्रोपेगैंडा है। मनमोहन सिंह सरकार के दौरान कांग्रेस ने दर्जनों वकील खड़े कर प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और रामलला को काल्पनिक बताया था। आज रामलला तो काल्पनिक नहीं हुए, लेकिन कांग्रेस जरूर काल्पनिक होने की कगार पर पहुंच गई है। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी हों या राहुल और प्रियंका गांधी, इन सभी की सोच सनातन और राष्ट्र विरोधी रही है।" बाबरी पर आंसू बहाए, रामभक्तों की आस्था नहीं दिखी रामेश्वर शर्मा ने कहा- बाबरी ढांचे के ढहने पर आंसू बहाने वाली सोनिया गांधी को करोड़ों रामभक्तों की आस्था कभी नजर नहीं आई। जब तत्कालीन सपा सरकार ने निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलवाईं, तब भी रामभक्तों ने मंदिर निर्माण का संकल्प दोहराया। वह ढांचा आक्रांता और लुटेरे बाबर का था, जिसे कांग्रेस ने दशकों तक तुष्टिकरण का जरिया बनाए रखा। कांग्रेस का प्रेम न राम से है, न गंगा से और न हिंदुस्तान से, इनका प्रेम केवल सत्ता और मुस्लिम तुष्टिकरण से है। जो राम का नहीं, वह देश के किसी काम का नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सुप्रीम कोर्ट के फैसले से आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है।" दिग्विजय बोले- बेकार की बातें कर रही भाजपा इधर, गुना में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सोनिया गांधी की किताब पर भाजपा नेताओं के सवालों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि भाजपा यह सवाल उठा रही है कि बाबरी ढांचे के गिरने पर सोनिया गांधी को दुख हुआ, लेकिन पुलवामा और कार सेवकों पर गोली चलने की घटना पर वे क्यों नहीं रोईं। ये बेकार की बातें हैं। दिग्विजय ने कहा कि सोनिया गांधी की पुस्तक में उन्होंने अपने जीवन की पूरी कहानी बताई है और अपनी विचारधारा को सामने रखा है। यह विचारधारा सनातन परंपराओं का नेतृत्व करने वाली, सर्वधर्म समभाव, प्रेम, सद्भाव, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने वाली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा नरेंद्र मोदी की नफरत भरी विचारधारा के खिलाफ है। यह खबर भी पढ़ें… सोनिया की किताब में कई अनदेखी फोटोज:राजीव-सोनिया के पेरेंट्स, बचपन, प्यार, शादी की तस्वीरें सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ मंगलवार को मार्केट में आ गई। 544 पेज और 7 चैप्टर की इस किताब में कई अनसुनी कहानियों के अलावा कई ऐसे फोटोग्राफ भी हैं, जो पहले कभी सामने नहीं आए। इनमें से कई फोटो राजीव गांधी तो कुछ प्रियंका गांधी ने क्लिक की हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…