Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

Jamshedpur News: कदमा में रहने वालों के लिए खुशखबरी, छठ पर व्रतियों की सुविधा के लिए इस जगह बनाये गये 5-6 नये घाट

INT News10 November 2026 at 01:47 pm

जमशेदपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर में तैयारियां शुरू हो गयी हैं. इस बीच छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सामाजिक संस्था ‘आरंभ एक नई शुरुआत’ ने कदमा क्षेत्र में सराहनीय पहल की है. संस्था की अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सुमन महतो के नेतृत्व और मार्गदर्शन में कदमा फार्म एरिया रोड नंबर 20 और 21 में पांच से छह नये स्थानों को छठ घाट के रूप में विकसित किया गया है. इन स्थानों पर व्यवस्थित तरीके से खुदाई कर घाट तैयार किये जा रहे हैं, ताकि स्थानीय व्रतियों को अर्घ्य अर्पित करने के लिए नजदीक में ही सुविधा मिल सके.

व्रतियों की मांग पर शुरू कराया गया घाट निर्माण

संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि स्थानीय छठ व्रतियों की ओर से लंबे समय से क्षेत्र में नजदीकी और सुरक्षित छठ घाट उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी. व्रतियों को अर्घ्य देने के लिए दूर जाना पड़ता था और भीड़भाड़ के कारण भी परेशानी होती थी. उनकी जरूरत और भावनाओं को देखते हुए संस्था ने इस दिशा में पहल की और फार्म एरिया के दोनों रोड में नये अस्थायी घाट तैयार कराने का काम शुरू कराया. इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के छठ महापर्व के दौरान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें.

स्थानीय लोगों ने संस्था की पहल को सराहा

नये घाटों के निर्माण की पहल से स्थानीय निवासियों और छठ व्रतियों में खुशी है. लोगों ने पूर्व सांसद सुमन महतो और संस्था के सदस्यों के प्रति आभार जताते हुए इस प्रयास की सराहना की. संस्था के सदस्यों ने कहा कि छठ महापर्व हमारी लोक आस्था, पवित्रता, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है. श्रद्धालुओं की सुविधा और जनहित से जुड़े कार्यों में संस्था आगे भी सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी.