Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

अमृतसर-प्रकाश पर्व पर श्री हरमंदिर साहिब फूलों से सजेगा:मुंबई के सेवादार 20 साल से कर रहे सेवा, थाईलैंड-सिंगापुर से आए 300 कारीगर

INT News25 October 2026 at 06:48 pm

चौथे पातशाह श्री गुरु रामदास जी के पावन प्रकाश पर्व को लेकर सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में तैयारियां पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जारी हैं। इस अलौकिक अवसर पर पूरे श्री दरबार साहिब परिसर, परिक्रमा क्षेत्र और दर्शनी ड्योढ़ी को देशी-विदेशी फूलों की मनमोहक सजावट से अलंकृत किया जा रहा है। पिछले 20 वर्षों से निरंतर यह सेवा निभा रहे मुंबई के मुख्य सेवादार हरिंदर सिंह हनी ने बताया कि इस बार प्रकाश पर्व के लिए विशेष तौर पर थाईलैंड, सिंगापुर और दक्षिण अफ्रीका समेत कई देशों से दुर्लभ फूल मंगवाए गए हैं। इसके अतिरिक्त दिल्ली की प्रमुख मंडियों से भी उच्च गुणवत्ता के देशी और विदेशी फूल खरीदे गए हैं। 300 कारीगर और सेवादार दिन-रात में जुटे फूलों के भव्य गुलदस्ते और सुंदर लड़ियां तैयार करने के लिए पश्चिम बंगाल से 100 से 125 विशेष कारीगर पहुंचे हैं। इसके साथ ही मुंबई से 100 सेवादार और अमृतसर के 100 स्थानीय सेवादार भी इस कारसेवा में दिन-रात समर्पित हैं। कुल 300 कारीगरों की टीम काम कर रही है और सजावट का पूरा कार्य 26 अक्टूबर की शाम तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दीपमाला और 27 अक्टूबर को होगी अलौकिक आतिशबाजी शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की ओर से श्री दरबार साहिब परिसर में विशेष दीपमाला और आकर्षक लाइटिंग का प्रबंध किया गया है। प्रकाश पर्व के मुख्य समागम के दिन, यानी 27 अक्टूबर को शाम के समय 'रहिरास साहिब' के पाठ और अरदास के उपरांत सचखंड श्री हरमंदिर साहिब परिसर में पारंपरिक व भव्य आतिशबाजी (Firecrackers display) की जाएगी।