समाचार · मध्य प्रदेश
त्योहारों पर 24 घंटे तैयार रहेगी फायर टीम:कटनी हादसे के बाद DM ने दिए निर्देश, अस्पताल-मॉल में आग से बचाव के इंतजामों की अचानक जांच होगी
छिंदवाड़ा में बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने वाले नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों (CMO) को अब चेतावनी पत्र दिया जाएगा। कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने नगर निगम सभाकक्ष में हुई समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। आगामी त्योहारों को देखते हुए उन्होंने जिले के नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद क्षेत्रों में आग से बचाव की तैयारियां भी जांचीं। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ना और सरकारी काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 24 घंटे तैयार रहेगी फायर टीम कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों में प्रशिक्षित फायर कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती के निर्देश दिए। फायर स्टेशन पर आग बुझाने की योजना और संपर्क व्यवस्था अपडेट रखने को कहा। फायर ब्रिगेड और पानी के टैंकरों में पर्याप्त पानी रखने के निर्देश भी दिए। नगर निगम आयुक्त सीपी राय परासिया के अग्निशमन उपकरणों की समीक्षा करेंगे। फायर ऑफिसर अभिषेक दुबे सभी नगरीय निकायों के उपकरणों की जांच करेंगे। अस्पताल-मॉल में होगी अचानक जांच कलेक्टर ने अस्पतालों, शॉपिंग मॉल और सार्वजनिक व्यावसायिक जगहों पर आग से बचाव के इंतजामों की अचानक जांच करने को कहा। कर्मचारियों को आग बुझाने वाले उपकरण चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके लिए जिला मुख्यालय पर विशेष प्रशिक्षण होगा। सभी CMO और फायर सुरक्षा अधिकारियों को इसमें शामिल किया जाएगा। नगरीय निकायों में मॉक ड्रिल भी होगी और कर्मचारियों की अचानक जांच की जाएगी। छुट्टी से पहले तय करना होगा काम संभालने वाला अधिकारी कलेक्टर ने CMO को अपनी शाखाओं की नियमित बैठक लेकर काम की समीक्षा करने को कहा। छुट्टी पर जाने से पहले अपनी जगह काम संभालने वाले अधिकारी (लिंक ऑफिसर) को तय करना होगा, ताकि सरकारी काम न रुके। बैठक में नगर निगम आयुक्त और जिला परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण सीपी राय सहित सभी नगरीय निकायों के CMO और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने 15 दिन बाद होने वाली अगली बैठक में नई फायर योजना और काम की प्रगति रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए।