समाचार · मध्य प्रदेश
मामूली बहस पर चले लात-घूंसे, डंडे से पीटा:ग्वालियर में खाली प्लॉट पर टेबल-कुर्सी रखने को लेकर खूनी संघर्ष, पांच घायल
ग्वालियर शहर के जनकगंज थाना अंतर्गत तारागंज इलाके में एक खाली प्लॉट पर रखी टेबल-कुर्सी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। बुधवार दोपहर मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और लोहे के सरिये चले। इस हिंसक झड़प में बुजुर्ग और महिलाओं समेत दोनों पक्षों के कुल 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टेबल हटाने को लेकर पहले कहासुनी पुलिस को मिली शिकायत के मुताबिक, तारागंज रोड ढोली दुआ का पुल निवासी 69 वर्षीय खेमराज ने बताया कि 8 नवंबर (दिवाली) को भी उनका विवेक वैश्य से विवाद हुआ था। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे जब जितेश वैश्य मेलागढ़ के पीछे दुकान के पास खाली प्लॉट में रखी उनकी टेबल हटाने लगा, तो उन्होंने इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर जितेश, विवेक ठाकुर, विकास वैश्य और धर्मेंद्र शाक्य ने मिलकर जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए उनके बेटे धर्मराज, पत्नी विद्या देवी, सुमन और रजनी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे सभी को चोटें आई हैं। दूसरे पक्ष का आरोप-प्लॉट पर जमाया कब्जा वहीं दूसरे पक्ष के तारागंज निवासी जितेश ठाकुर (39) का कहना है कि खेमराज ने उनके निजी प्लॉट पर जबरन टेबल-कुर्सी रख दी थी। बुधवार दोपहर जब उन्होंने सामान हटाने के लिए कहा, तो खेमराज और धर्मराज भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। जितेश ने आरोप लगाया कि उन पर लोहे के सरिये से हमला किया गया, जिससे उनके बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है। बीच-बचाव करने पहुंचीं ऋतु जादौन और विद्या देवी को भी चोटें लगी हैं। उन्होंने खेमराज, धर्मराज, विद्या, सुमन और रजनी पर मारपीट व धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर मामला किया दर्ज जनकगंज थाना पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से दी गई लिखित शिकायतों, जातिसूचक गालियों और जान से मारने की धमकियों के आधार पर क्रॉस मामला दर्ज कर लिया गया है।