समाचार · मध्य प्रदेश
अनूपपुर में खप्पड़ नृत्य के साथ निकली महाकाली की विदाई:ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच गुजरा जुलूस, बकान नदी में प्रतिमा विसर्जन की तैयारी
अनूपपुर में बुधवार रात महाकाली की प्रतिमा का विसर्जन जुलूस निकाला गया। खप्पड़ नृत्य और ढोल-नगाड़ों के बीच जुलूस नगर के मुख्य मार्गों से गुजरा। प्रतिमा का विसर्जन मेडियारास गांव की बकान नदी में किया जाना था। जुलूस में सैकड़ों श्रद्धालु और नगरवासी शामिल हुए। दीपावली पर जिला मुख्यालय में खेरमाई माता मंदिर के पास महाकाली की प्रतिमा स्थापित की गई थी। बुधवार रात जुलूस मंदिर परिसर से शुरू हुआ। सामतपुर तालाब मार्ग, बस स्टैंड, आदर्श मार्ग, कोतवाली चौक और रेलवे स्टेशन मार्ग से होते हुए जुलूस रामजानकी मंदिर पहुंचा। यहां से जुलूस खेरमाई मंदिर होते हुए मेडियारास गांव की ओर रवाना हुआ। रास्ते में लोगों ने फूल बरसाकर जुलूस का स्वागत किया। कई जगह मां की आरती की गई और पूजा-अर्चना हुई। खप्पड़ नृत्य देखने सड़क पर जुटे लोग जुलूस में मां काली के स्वरूप में कलाकारों ने खप्पड़ नृत्य किया। इसे देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोग जमा हुए। बकान नदी के तट पर वैदिक मंत्रों के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया जाना था। जुलूस के दौरान शांति और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली और यातायात पुलिस तैनात रही। 64 हजार योगिनियों के साथ प्रकट हुई थीं मां काली पौराणिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक अमावस्या की रात मां काली 64 हजार योगिनियों के साथ प्रकट हुई थीं। मान्यता है कि उन्होंने रक्तबीज समेत कई राक्षसों का वध किया था। कार्तिक अमावस्या की रात को साल की सबसे अंधेरी रात भी माना जाता है। मां काली का स्वरूप अंधकार और बुराई का नाश करने वाली दिव्य शक्ति का प्रतीक माना जाता है।