समाचार · मध्य प्रदेश
'स्वच्छता में नंबर-1 गर्व की बात, सड़कों से धूल-गड्ढे हटाएं':ग्वालियर पहुंचे सिंधिया ने दी बधाई; बोले- असली चुनौती अब शुरू होती है
ग्वालियर ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में पूरे मध्य प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। शहर को 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ मध्य प्रदेश' का अवॉर्ड मिला है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली में आयोजित समारोह में ग्वालियर नगर निगम की टीम को सम्मानित किया। बुधवार की देर शाम केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए शहरवासियों और नगर निगम की टीम को बधाई दी। हालांकि, उन्होंने शहर की सड़कों पर उड़ती धूल और गड्ढों को लेकर प्रशासन का ध्यान भी आकर्षित किया। अवॉर्ड समारोह में नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, पूर्व आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव और उपायुक्त मुकेश बंसल ने ग्वालियर की ओर से सम्मान ग्रहण किया। इस उपलब्धि को नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। सिंधिया बोले- असली चुनौती अब शुरू होती है ग्वालियर को स्वच्छता में प्रदेश में पहला स्थान मिलने पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता में नंबर-1 आना खुशी और गर्व की बात है। इसके लिए सभी को बधाई, लेकिन अब रुकना नहीं है, क्योंकि असली चुनौती अब शुरू होती है। सिंधिया ने शहर की सड़कों पर उड़ती धूल और जगह-जगह मौजूद गड्ढों की ओर भी ध्यान दिलाया। उनका कहना था कि सर्वेक्षण में पहला स्थान हासिल करना बड़ी उपलब्धि है, लेकिन शहरवासियों को तब तक पूरी राहत नहीं मिलेगी, जब तक सड़कों की स्थिति बेहतर नहीं होगी और धूल की समस्या दूर नहीं होगी। नगर निगम के सामने अब सड़कों को बेहतर बनाने की चुनौती ग्वालियर को मिला यह अवॉर्ड नगर निगम के लिए बड़ी उपलब्धि है। वहीं, सिंधिया के बयान ने शहर की सड़कों की स्थिति सुधारने और धूल से राहत दिलाने की चुनौती भी सामने रखी है। अब नगर निगम के सामने स्वच्छता में मिली इस उपलब्धि को बनाए रखने के साथ ही सड़कों की समस्याओं का समाधान करने की जिम्मेदारी है।