Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सात महीने पहले हुई शादी, कुएं में मिली लाश:ससुराल वालों पर लगाए 9 लाख रुपए मांगने और हत्या कर शव कुएं में फेंकने के आरोप

INT News11 November 2026 at 10:04 pm

नीमच सिटी थाना क्षेत्र के पिपलिया मिर्च गांव में 26 वर्षीय नवविवाहिता की कुएं में डूबने से मौत हो गई। सात महीने पहले उसकी शादी हुई थी। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। टीना (26) की शादी सात महीने पहले बबलू से हुई थी। वह पिपलिया मिर्च के बावरी मोहल्ले की रहने वाली थी। उसका पीहर मनासा क्षेत्र में है। परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह टीना ससुराल से अचानक गायब हो गई थी। करीब 11 बजे ससुराल पक्ष ने फोन कर बताया कि उसकी कुएं में डूबने से मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद पीहर पक्ष के लोग गांव पहुंचे और नीमच सिटी पुलिस को जानकारी दी। पुलिस की मदद से शव कुएं से निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पिता का आरोप- 9 लाख रुपए मांग रहे थे ससुराल वाले टीना के पिता और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ससुराल वाले उसे परेशान करते थे। उससे विवाद करते थे और माता-पिता से फोन पर बात भी नहीं करने देते थे। पिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष 9 लाख रुपए मांग रहा था। इस मांग को लेकर टीना को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों ने आशंका जताई कि टीना की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयानों के आधार पर होगी कार्रवाई नीमच सिटी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, पीहर पक्ष की ओर से लगाए गए दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।