समाचार · मध्य प्रदेश
छतरपुर में पिकअप से शराब की 350 पेटियां जब्त:कैंडी ब्रिज के पास पकड़ी, शराब और पिकअप की कुल कीमत 19.50 लाख रुपए
छतरपुर में ओरछा रोड थाना पुलिस ने बुधवार देर शाम कैंडी ब्रिज के पास शराब से भरी पिकअप पकड़ी। पुलिस ने वाहन से शराब की 350 पेटियां जब्त कीं। पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर पिकअप को रोका। तलाशी में 250 पेटी शराब के पाउच और 100 पेटी देसी शराब के क्वार्टर मिले। जब्त शराब की कीमत करीब 12 लाख 50 हजार रुपए है। पिकअप की कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। शराब और वाहन की कुल कीमत 19 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी, किसकी है और इसे कहां पहुंचाया जाना था। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस काम में कौन-कौन लोग शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, एक शराब ठेकेदार से जुड़े लोगों ने दूसरे शराब ठेकेदार के खिलाफ सूचना दी थी। आरोप है कि शराब को अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। शराब की खेप पकड़े जाने के बाद जिले में आबकारी विभाग की निगरानी पर भी सवाल उठे हैं। पुलिस अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। ओरछा रोड थाना पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।